Nuh Mewat News: तीन अगस्त को ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा की 7 पैरामिलिट्री कंपनियां, ड्रोन व वीडियो निगरानी से होगी कड़ी सुरक्षा।

पीस कमेटी की बैठक में भाईचारे के साथ आयोजन का भरोसा

Desh Rojana
On

नूंह जिले में आगामी 3 अगस्त को आयोजित होने वाली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट और तैयार नजर आ रहा है। यात्रा के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए उपायुक्त अखिल पिलानी और पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति, प्रशासनिक अधिकारियों, यात्रा आयोजकों तथा सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

नूंह/मेवात: नूंह जिले में आगामी 3 अगस्त को आयोजित होने वाली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट और तैयार नजर आ रहा है। यात्रा के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए उपायुक्त अखिल पिलानी और पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति, प्रशासनिक अधिकारियों, यात्रा आयोजकों तथा सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
 
drone 2
 
बैठक में सभी प्रतिनिधियों ने यात्रा को भाईचारे, सौहार्द और आपसी सहयोग के साथ सफल बनाने का भरोसा दिया। उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि नूंह जिले की पहचान आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द से है, और सभी समुदायों के सहयोग से इस बार भी यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने सभी संगठनों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
यह रहेगा यात्रा का रूट
प्रशासन के अनुसार यात्रा दोपहर लगभग 12 बजे नल्हड़ शिव मंदिर से शुरू होकर बड़कली चौक, फिरोजपुर झिरका, पुनः बड़कली चौक, गांव सिंगार होते हुए पुन्हाना पहुंचेगी।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों—लोक निर्माण विभाग, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, नगर परिषद, नगरपालिकाओं और बीडीपीओ—को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग की मरम्मत, साफ-सफाई, पेयजल, मोबाइल शौचालय, पार्किंग और अन्य जरूरी सुविधाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।
 
कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती
यात्रा के दौरान जिले में पेट्रोल-डीजल की खुली बिक्री, बिना अनुमति डीजे, भड़काऊ भाषण या गीत, खुले माइक का प्रयोग तथा किसी भी प्रकार के हथियार लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा के मद्देनजर 3 अगस्त को स्कूलों में अवकाश रहेगा और यात्रा मार्ग पर स्थित शराब व मांस की दुकानें बंद रहेंगी।
 
चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन ने बताया कि यात्रा की सुरक्षा के लिए हरियाणा पुलिस के साथ 7 पैरामिलिट्री कंपनियां तैनात की जाएंगी। करीब 80 किलोमीटर लंबे मार्ग पर ड्रोन, सीसीटीवी और अन्य आधुनिक तकनीकों से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी।
यात्रा की हर गतिविधि की रिकॉर्डिंग के लिए 100 से अधिक पुलिसकर्मी और निजी वीडियोग्राफर पूरे रूट पर तैनात रहेंगे।
 
सोशल मीडिया पर भी नजर
एसपी ने बताया कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। भड़काऊ या भ्रामक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। कई संदिग्ध अकाउंट बंद कराए जा चुके हैं और अन्य जिलों की पुलिस को भी कार्रवाई के लिए सूचित किया गया है।
 
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और यात्रा को शांतिपूर्ण व सफल बनाने में सहयोग करें।
 
बैठक में जिला स्तरीय समन्वय समिति के सदस्य जाकिर हुसैन, सरदार जी.एस. मलिक, भानीराम मंगला, जान मोहम्मद, सुरेंद्र सिंह, आजाद मोहम्मद, सुभान खान सिंगारिया, यशवंत गोयल, औरंगजेब तथा शाहिद खान सहित अन्य प्रतिनिधियों ने यात्रा के सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नूंह (मेवात) की गंगा-जमुनी संस्कृति एवं भाईचारे की परंपरा वर्षों पुरानी है। यहां हिंदू और मुस्लिम समुदाय परस्पर एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हैं तथा सभी धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में मिल-जुलकर भाग लेते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं का जल सेवा एवं पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया जाएगा, जिससे पूरे देश के सामने नूंह जिले की सामाजिक समरसता और भाईचारे की सकारात्मक तस्वीर प्रस्तुत होगी।
 
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, एएसपी वाईवीआर शशि शेखर, डीएमसी दलबीर सिंह, एसडीएम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम, एसडीएम फिरोजपुर झिरका लक्ष्मी नारायण, सीटीएम अप्रीतम सिंह, नगर पालिका फिरोजपुर झिरका के चेयरमैन मनीष जैन, नरेंद्र पटेल, मोहम्मद ख्वाजा रफी, अर्जुन देव चावला, जाहिद बाई, नासिर हुसैन, दिनेश नागपाल सहित जिला स्तरीय समन्वय समिति के अन्य सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad