Nuh Mewat News:भीषण गर्मी व हीट वेव से बचाव के लिए सावधानी बरतें : उपायुक्त
बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का रखें विशेष ध्यान
उपायुक्त अखिल पिलानी ने जिले में पड़ रही तेज गर्मी और हीट वेव के दृष्टिगत आमजन से अपील की है कि वे आवश्यक सावधानियां बरतें तथा गर्मी के प्रकोप से बचने के लिए सुरक्षात्मक उपाय अपनाएं।
नूंह: उपायुक्त अखिल पिलानी ने जिले में पड़ रही तेज गर्मी और हीट वेव के दृष्टिगत आमजन से अपील की है कि वे आवश्यक सावधानियां बरतें तथा गर्मी के प्रकोप से बचने के लिए सुरक्षात्मक उपाय अपनाएं। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का खास ध्यान रखने का आग्रह किया।
उपायुक्त ने कहा कि हीट वेव के कारण शरीर पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है और कई बार यह जानलेवा भी साबित हो सकती है। इसलिए समय रहते सतर्क रहना और बचाव के उपाय अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि नागरिक दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। अत्यधिक तापमान की स्थिति में भारी श्रम वाले कार्यों से बचें। शरीर में पानी की कमी करने वाले पेय पदार्थों जैसे चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड शीतल पेयों का सेवन सीमित करें तथा बासी और अधिक प्रोटीनयुक्त भोजन से परहेज करें।
हीट वेव से बचाव के लिए क्या करें:
उपायुक्त ने बताया कि नागरिक यथासंभव घर के अंदर रहें और मौसम संबंधी जानकारी के लिए रेडियो, टेलीविजन तथा समाचार पत्रों का सहारा लें। प्यास न लगने पर भी पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। हल्के रंग के ढीले एवं सूती कपड़े पहनें। धूप में निकलते समय सिर और चेहरे को ढकें तथा चश्मा, छाता, टोपी या दुपट्टे का प्रयोग करें। बाहर जाते समय अपने साथ पानी अवश्य रखें।
उन्होंने कहा कि बाहर कार्य करने वाले लोग सिर, गर्दन और चेहरे को नम कपड़े से ढकें तथा समय-समय पर विश्राम करें। लस्सी, छाछ, नींबू पानी जैसे घरेलू पेय पदार्थों का सेवन करें, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में सहायक होते हैं। हीट स्ट्रोक के लक्षण जैसे अत्यधिक कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी या दौरे आने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।
उपायुक्त ने कहा कि घरों को ठंडा रखने के लिए पर्दों एवं उचित वेंटिलेशन का उपयोग करें तथा ठंडे पानी से स्नान करें। कार्यस्थलों पर स्वच्छ एवं ठंडे पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। श्रमिकों से कम तापमान वाले समय में कार्य कराया जाए तथा उन्हें सीधी धूप से बचाया जाए।
हीट वेव के दौरान क्या न करें:
उन्होंने कहा कि बच्चों और पालतू जानवरों को बंद वाहनों या धूप में अकेला न छोड़ें। दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर जाने से बचें। गहरे रंग एवं तंग कपड़े न पहनें तथा अधिक गर्मी के दौरान भारी शारीरिक कार्य न करें। खाना बनाते समय रसोई को हवादार रखें।
उन्होंने यह भी कहा कि शराब, चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड पेयों का अत्यधिक सेवन न करें, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी बढ़ाते हैं। बिना हाथ धोए आंख, नाक और मुंह को न छुएं। बीमार व्यक्ति से उचित दूरी बनाए रखें तथा यदि स्वयं अस्वस्थ महसूस करें तो घर पर रहकर चिकित्सकीय परामर्श लें।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा स्वयं और अपने परिवार को हीट वेव के खतरे से सुरक्षित रखें।

About The Author
संबंधित समाचार



