Nuh / Punhana News : मानदेय वृद्धि और बकाया वेतन को लेकर शिक्षा सहायकों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन

Desh Rojana
On

शिक्षा सहायकों की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर रविवार को शिक्षा सहायक समिति का एक प्रतिनिधिमंडल पुनहाना के विधायक मोहम्मद इलयास से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपकर मानदेय वृद्धि व बकाया वेतन के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।

नूंह/पुनहाना। शिक्षा सहायकों की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर रविवार को शिक्षा सहायक समिति का एक प्रतिनिधिमंडल पुनहाना के विधायक मोहम्मद इलयास से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपकर मानदेय वृद्धि व बकाया वेतन के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने अपनी समस्याओं को विस्तार से रखते हुए जल्द समाधान की मांग की।IMG-20260531-WA0033
समिति के अध्यक्ष कुतबुद्दीन ने बताया कि 6 जून 2025 को आयोजित मेवात विकास बोर्ड की बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिक्षा सहायकों के मानदेय में वृद्धि किए जाने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि यह घोषणा शिक्षा सहायकों के लिए बड़ी उम्मीद लेकर आई थी, लेकिन दुखद पहलू यह है कि करीब एक वर्ष बीत जाने के बाद भी इन निर्देशों पर कोई ठोस कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है।
उन्होंने आगे बताया कि मानदेय वृद्धि तो दूर, शिक्षा सहायकों का पिछले 6 माह का वेतन भी लंबित पड़ा है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। कई शिक्षा सहायक परिवार का भरण-पोषण करने में असमर्थ हो रहे हैं और दैनिक जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल होता जा रहा है। इस स्थिति ने शिक्षा सहायकों में भारी रोष और निराशा पैदा कर दी है।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक मोहम्मद इलयास से आग्रह किया कि वे इस गंभीर विषय को मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से रखें और विभागीय स्तर पर जल्द से जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करवाएं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो शिक्षा सहायकों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
विधायक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित अधिकारियों व मुख्यमंत्री तक इस मुद्दे को पहुंचाकर समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
शिक्षा सहायकों ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान कर उन्हें राहत प्रदान करेगी।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad