Mewat Tawdu News: सीएचसी में घायल को लेकर पहुंचे व्यक्ति की कार पर हमला, लाठियों से शीशे तोड़े।
लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला करने का आरोप,वाहन क्षतिग्रस्त कर जान से मारने की भी दी धमकी।
सीएचसी तावड़ू में उपचार के लिए घायल को लेकर पहुंचे एक व्यक्ति की कार पर अस्पताल परिसर में ही हमला करने का मामला सामने आया है।
तावडू : सीएचसी तावड़ू में उपचार के लिए घायल को लेकर पहुंचे एक व्यक्ति की कार पर अस्पताल परिसर में ही हमला करने का मामला सामने आया है। डिंगरहेड़ी निवासी जावेद ने थाना शहर तावड़ू पुलिस को शिकायत देकर कुछ लोगों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से उसकी कार पर हमला करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार,हमले में कार के सभी शीशे टूट गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस को दी शिकायत में जावेद ने बताया कि 28 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे डिंगरहेड़ी गांव में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद में एक व्यक्ति घायल हो गया। इसके बाद घायल को उपचार के लिए सीएचसी तावड़ू लाया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, रात करीब 10 बजे वह अपनी स्विफ्ट कार से घायल को लेकर अस्पताल पहुंचा था।

जावेद का आरोप है कि अस्पताल परिसर में पहुंचते ही कुछ लोगों ने उसकी कार को घेर लिया और लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। हमले में कार के सभी शीशे टूट गए। आरोप है कि हमलावरों ने वाहन को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया तथा उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के सामने हुई है। ऐसे में उसने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच करने की मांग की है,ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान हो सके।
घटना के बाद घायलों का मेडिकल कराया गया। चिकित्सकों ने उपचार के बाद घायलों को आगे रेफर किया। जावेद ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के साथ अपनी और परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़ित दो दिन से कभी शहर थाना तो कभी मोहम्मदपुर अहिर थाना के चक्कर लगा रहा है, लेकिन कोई से भी थाना उनकी शिकायत पर संज्ञान नहीं ले रहा। पीड़ित का कहना है कि मारपीट और गाड़ी में तोड़फोड़ तावड़ू के अस्पताल में हुई है तो मामला शहर थाना पुलिस का बन रहा है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



