Narnaul News: नेत्रहीन बहनों के साथ भारत विकास परिषद ने मनाया रक्षा बंधन, भावुक पलों ने जीता सबका दिल
भारत विकास परिषद, शाखा नारनौल द्वारा बुधवार सांय को सेवा और समर्पण की एक मिसाल पेश करते हुए नेत्रहीन कन्या विद्यालय, खड़खड़ी में नेत्रहीन बहनों के साथ रक्षा बंधन का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया।
नारनौल। भारत विकास परिषद, शाखा नारनौल द्वारा बुधवार सांय को सेवा और समर्पण की एक मिसाल पेश करते हुए नेत्रहीन कन्या विद्यालय, खड़खड़ी में नेत्रहीन बहनों के साथ रक्षा बंधन का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम सायं 7 बजे आयोजित किया गया था, जिसमें विद्यालय प्रबंधन ने भी परिषद के इस सेवा कार्य की सराहना की। अध्यक्ष मुकेश जैन ने बताया कि परिषद का उद्देश्य "सम्पर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण" है और इसी भावना के साथ यह आयोजन किया गया। परिषद के सदस्यों के लिए यह दिन अत्यंत भावनात्मक और उत्कृष्ट आनंद की अनुभूति वाला रहा। कार्यक्रम में परिषद के वरिष्ठ सदस्य कवीन्द्र सचदेवा, अशोक शर्मा, पवन यादव, मुकेश देवी, सुभाष कश्यप, नवीन गुप्ता, पवन अरोड़ा, हरि किशन गौड़, सतीश भल्ला, भगत सिंह सैनी एवं अध्यक्ष मुकेश जैन ने नेत्रहीन बहनों से राखी बंधवाई।

जब नेत्रहीन बहनों ने प्रेम और अपनत्व के साथ परिषद के सदस्यों की कलाई पर राखी बांधी तो पूरा माहौल भावुक हो उठा। उपस्थित सभी सदस्यों ने बताया कि उनकी आंखें भले ही संसार को न देख पाती हों, लेकिन उनके हृदय में प्रेम, स्नेह और अपनापन अपार था। बहनों के चेहरे पर खिली खुशी और मुस्कान को देखकर ऐसा प्रतीत हुआ मानो ईश्वर ने सेवा का यह स्वर्णिम अवसर प्रदान किया हो। इस दौरान बहनों ने सभी भाइयों के दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं सदस्यों ने भी उन्हें उपहार, मिष्ठान भेंट कर उनकी रक्षा और सहयोग का वचन दिया। इस आत्मिक संतोष और आनंद को शब्दों में व्यक्त करना कठिन था। अंत में अध्यक्ष मुकेश जैन ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों का हृदय से आभार प्रकट किया।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



