औलांत में हथियार के बल पर घर में घुसकर चोरी करने और पंच पर गोली चलाने के मामले में तीन साल से फरार एक अन्य वांछित आरोपी गिरफ्तार
सीआईए रेवाड़ी के प्रभारी निरीक्षक सुमेर सिंह की टीम ने वर्ष 2022 में गांव औलांत के तीन घरों में चोरी करने और पीछा करने पर पंच पर गोली चलाने की वारदात में शामिल और तीन साल से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान जिला पलवल के गांव घाघोट निवासी ओमबीर के रूप में हुई है।
रेवाड़ी: सीआईए रेवाड़ी के प्रभारी निरीक्षक सुमेर सिंह की टीम ने वर्ष 2022 में गांव औलांत के तीन घरों में चोरी करने और पीछा करने पर पंच पर गोली चलाने की वारदात में शामिल और तीन साल से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान जिला पलवल के गांव घाघोट निवासी ओमबीर के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस अब से पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

बता दें कि कि 29 अक्टूबर 2022 को गांव औलांत निवासी ओमप्रकाश ने अपनी शिकायत में बताया था कि सुबह के समय करीब 3 बजे उन्हें अपने घर के दूसरे कमरों से आवाज सुनाई दी। इसके बाद उनकी आंख खुल गई और उन्होंने देखा कि दो लड़के कमरे में रखे बक्से को चोरी करके ले जा रहे हैं। इस पर उन्होंने शोर मचाया तो उसका बेटा भी उठ गया। इसके बाद उन्होंने चोरों का पीछा किया तो दो और इनके साथी बाहर खड़े हुए थे। जब चारों बक्से को लेकर भागने लगे तो उन्होंने शोर मचा दिया। जब विजय पंच के घर के पास गुजरने लगे तो शोर की वजह से वह भी जाग गए और उन्होंने भी पीछा करना शुरू कर दिया।
इसके बाद आरोपियों ने बक्से को साइड में फेंक दिया और विजय पंच पर पीछा करने के कारण फायर कर दिया। इसके बाद आरोपी बक्से में रखे हुए 40 हजार रुपए की नकदी सहित अन्य जेवरात चोरी कर ले गए। आरोपियों ने इससे पहले रविंद्र और महेश कुमार के मकान में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना खोल में मामला दर्ज कर इस मामले में संलिप्त चार आरोपी जिला पलवल के गांव परसा का नांगल हाल आबाद राजस्थान के जिला अलवर के गांव बासनी निवासी लालाराम उर्फ राम, मध्यप्रदेश के जिला मुरैना के पचासा मैदान अम्बाह निवासी राजकुमार, जिला पलवल के गांव परसा का नांगल हाल किरायेदार गांव फाजिलपुर जिला गुरुग्राम निवासी रविकुमार व जिला फरीदाबाद के गांव अटेरना निवासी नरेश उर्फ टीटू को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस को जांच में पता चला कि इस मामले में संलिप्त सभी आरोपियों ने 14 फरवरी 2023 को गांव बासदूदा निवासी अमित कुमार के घर पर भी कुल्हाड़ी और देशी पिस्टल के बल पर लूट का प्रयास भी किया था। इस दौरान आरोपियों ने गोलियां भी चलाई जिसके बाद वह फरार हो गए थे। इस मामले सीआईए रेवाड़ी ने तीन साल से फरार चल रहे एक अन्य वांछित आरोपी जिला पलवल के गांव घाघोट निवासी ओमबीर को भी गिरफ्तार कर लिया। इस आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



