जिला पलवल 47 प्रतिशत फसल उठान के साथ प्रदेशभर में टॉप पर : उपायुक्त

जिला में किसानों को नहीं है किसी प्रकार की कोई समस्या, बोले उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ

Desh Rojana
On

उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जिला पलवल ने फसल उठान के मामले में प्रदेशभर में शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 47 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है

पलवल:  उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जिला पलवल ने फसल उठान के मामले में प्रदेशभर में शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 47 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है, जिससे जिला पूरे राज्य में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि जिला में किसानों को किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है और भविष्य में भी फसल खरीद प्रक्रिया पूर्ण निर्बाध रूप से जारी रहेगी, जिसके लिए सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसानों को उनकी उपज का भुगतान 72 घंटे के अंदर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उठान प्रतिशत को और बढ़ाया जाएगा।
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने उक्त जानकारी बुधवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ पलवल अनाज मंडी में पहुंचकर फसल खरीद प्रक्रिया और मूलभूत सुविधाओं की जानकारी लेने उपरांत दी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा जिले में फसल खरीद प्रक्रिया सहित फसल उठान की प्रक्रिया को तेज और सुचारू बनाने के लिए विशेष रणनीति अपनाई गई। जिला प्रशासन द्वारा जिला की अनाज मंडियों में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही, समय पर उठान सुनिश्चित करने के लिए परिवहन और भंडारण की व्यवस्था को भी मजबूत किया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल उठान की प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य और समय पर भुगतान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाया जा रहा है।

WhatsApp Image 2026-04-15 at 11.35.18 PM

उपायुक्त ने कहा कि आगे भी इसी तरह के प्रयास जारी रखे जाएंगे ताकि जिला पलवल अपनी इस उपलब्धि को बनाए रख सके और किसानों को अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसल को निर्धारित मंडियों में ही लेकर आएं और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उपायुक्त जिला की मंडियों में गेहूं खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रखने और किसानों को मंडियों में किसी प्रकार की कोई परेशानी न आए इसके लिए सभी व्यवस्थाएं जांचने के लिए पलवल आज मंडी का दौरा कर जायजा लिया और किसानों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं और परेशानी भी जानी। उन्होंने फसलों की सरकारी खरीद प्रक्रिया, मंडी में किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और प्रबंधों का पूरी गंभीरता और बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गेहूं की ढेरियों पर जाकर नमी मापक यंत्र द्वारा नमी जांच प्रक्रिया की जानकारी ली। इसके अलावा गेट पास, टोकन नंबर व ऑनलाइन पोर्टल पर डाटा की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि जिला की मंडियों में खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और खरीद प्रक्रिया को सफलतापूर्वक प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने निरीक्षण के दौरान मंडी सचिव और खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि जैसे ही मंडी में फसल की आवक होती है तो खरीद प्रक्रिया के साथ-साथ उठान कार्य भी जल्द से जल्द करें। उन्होंने किसानों से अपील भी की कि वे अपनी फसल को निर्धारित नॉम्र्स अनुसार मंडियों में लाएं, ताकि फसल बेचने में परेशानी न हो। उन्होंने मंडी में किसानों के लिए पीने के पानी, साफ-सफाई और शौचालयों की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए मंडियों में पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता होनी चाहिए और स्वच्छता में कोई कोताही नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने गेटपास प्रक्रिया को भी जांचा ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े और प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।

उपायुक्त निरीक्षण के दौरान मंडी स्थित अटल किसान-मजदूर कैंटीन भी पहुंचे। उन्होंने कैंटीन में परोसे जा रहे भोजन के बारे में जानकारी प्राप्त की और किसानों से सीधे बातचीत की। इस अवसर पर जिला नगर आयुक्त मनीषा शर्मा, मार्केट कमेटी पलवल के चेयरमैन पंकज विरमानी सहित अन्य संबंधित अधिकारीकरण उपस्थित रहे।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad