‘नारी शक्ति वंदन’ अभियान से होगा महिलाओं का सशक्तिकरण, सरकार ने सम्मेलनों, पदयात्राओं, नाटकों, रैली आदि के माध्यम से अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने का लक्ष्य किया निर्धारित
भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाया जा रहा नारी शक्ति वंदन अभियान महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से इस अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।
पलवल: भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाया जा रहा नारी शक्ति वंदन अभियान महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से इस अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।

उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार 10-20 अप्रैल 2026 तक चलाए जा रहे नारी शक्ति वंदन अभियान के अंतर्गत पलवल जिले में महिलाओं के उत्थान और संसद व विधानसभा में उनके एक-तिहाई प्रतिनिधित्व की दिशा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिला में इस अभियान के तहत 10 से 20 अप्रैल तक प्रेस कांफ्रेंस, महिला सम्मेलन, पदयात्राएं और बाइक/स्कूटी रैली जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। यह पहल महिलाओं को सशक्त बनाने और समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से की जा रही है।
उपायुक्त ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार 10-20 अप्रैल के बीच विभिन्न कार्यक्रमों जैसे प्रेस कॉन्फ्रेंस, महिला सम्मेलनों, ‘नारी शक्ति पदयात्रा’ और महिला-केन्द्रित बाइक/स्कूटी रैली आयोजित की जाएंगी। नारी शक्ति वंदन अभियान की ये गतिविधियां महिलाओं की भागीदारी और जनमानस में जागरूकता बढ़ाने के लिए जमीनी स्तर पर प्रभावी कदम साबित होंगी। इस पहल में जिला महिला आयोग, स्वयं सहायता समूह, एन.सी.सी., एन.एस.एस. और स्थानीय सामाजिक संगठनों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’, जिसे ‘महिला आरक्षण अधिनियम’ भी कहा जाता है, 2023 में पारित किया गया था। इसके तहत संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% सीटें आरक्षित की गई हैं। इस कानून के उद्देश्य तथा सामाजिक प्रभाव को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रदेश भर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सरकार द्वारा कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है।
इस प्रकार रहेगी कार्यक्रमों की रूपरेखा :
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत 11 से 16 अप्रैल तक महिलाओं के लिए विशेष सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें महिला वक्ताओं के अलावा सामाजिक कार्यकर्ता और शैक्षिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे। 15-16 अप्रैल को पलवल जिले के प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में ‘नारी शक्ति पदयात्रा’ निकाली जाएगी, जिसमें छात्राएं, स्वयं सहायता समूह, एनसीसी एवं एनएसएस के युवा शामिल होंगें। 13-16 अप्रैल को जिले के मुख्य मार्गों पर महिलाओं के लिए बाइक और स्कूटी रैली आयोजित की जाएगी, जिनमें महिलाएं सवार होकर जागरूकता संदेश फैलाएंगी। 16 अप्रैल तक नुक्कड़ नाटक तथा नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत 9667173333 मिस्ड कॉल जागरूकता एवं समर्थन अभियान चलाया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम नाटकों, लोक गीत-नृत्यों और कला-कार्यशालाओं के माध्यम से भी महिला सशक्ति का संदेश दिया जाएगा। जिले में ‘नारी शक्ति दीवार’ भी स्थापित की जाएगी, जहां महिलाएं अपने विचार लिखकर साझा कर सकेंगी। ऑनलाइन अभियानों एवं लेख व सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्मों पर कैंपेन चलाया जाएगा और महिलाओं द्वारा समाचार पत्रों में लेख लिखकर अभियान को समर्थन दिया जाएगा। 19-20 अप्रैल को शहरी स्थानीय निकाय, पंचायतों आदि द्वारा प्रस्ताव पारित किए जाएंगे और इनकी प्रतियां राज्य सरकार के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजी जाएंगी।
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा, नारी शक्ति वंदन अभियान महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह पहल महिलाओं को राजनीतिक एवं सामाजिक रूप से सक्रिय बनाने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करेगी। जिलाध्यक्ष, महिला एवं बाल विकास विभाग और जिला महिला आयोग ने मिलकर कार्यक्रमों का समन्वय किया है। जिले के सभी विकास खंडों में समान रूप से गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सभी से आह्वान किया कि वे नारी शक्ति वंदन अभियान में बढ़चढक़र भागीदारी करते हुए अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।




