Palwal News: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को ‘जन-आंदोलन’ बनाकर हर वर्ग की सहभागिता की जाए सुनिश्चित : अतिरिक्त उपायुक्त
जिलाभर में 21 जून को ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ थीम के साथ मनाया जाएगा 12वां योग दिवस
हरियाणा आयुष विभाग और हरियाणा योग आयोग द्वारा 21 जून को प्रदेशभर में मनाए जाने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर सभी जिला उपायुक्तों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पलवल: हरियाणा आयुष विभाग और हरियाणा योग आयोग द्वारा 21 जून को प्रदेशभर में मनाए जाने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर सभी जिला उपायुक्तों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला पलवल से अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने वीसी से जुडक़र मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सभी निर्देशों की पूर्ण रूप से पालना करने का आश्वासन दिया।
अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने इसके उपरांत जिला से संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ थीम के साथ जिला, उपमंडल से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि योग को हर व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला में पूरी तैयारियों के साथ व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को ‘जन-आंदोलन’ बनाकर हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
20 जून को होगी फुल ड्रेस रिहर्सल और ‘योगा मैराथन’ :
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि 21 जून को सुबह पलवल स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में जिला स्तरीय योग सत्र का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों की संख्या में नागरिक, एनसीसी/एनएसएस कैडेट्स, विद्यार्थी, अधिकारी और स्वयंसेवी भाग लेंगे। जिला स्तरीय योग दिवस से पहले 20 जून को सुबह 7 से 8 बजे तक फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन होगा, साथ ही एक ‘योगा मैराथन’ भी आयोजित की जाएगी। इसमें स्कूल, कॉलेज, गुरुकुल, नेहरू युवा केंद्र, पुलिस बल, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट्स एंड गाइड्स समेत विभिन्न संस्थाओं के प्रतिभागी भाग लेंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योग से संबंधित कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था एवं सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएं ताकि योग दिवस में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
योग को पहुंचाएं घर-घर : उत्सव आनंद
एडीसी उत्सव आनंद ने निर्देश दिए कि जिला आयुष विभाग प्रशिक्षण शिविर लगाकर आमजन को योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दें। उन्होंने जिला आयुष विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया एवं विभिन्न जनसंपर्क माध्यमों के जरिए लोगों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन बारे लोगों को जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन का भी माध्यम है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि योग को घर-घर पहुंचाकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में अधिक से अधिक जन भागीदारी सुनिश्चित करें।
बैठक में सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, डीएमसी मनीषा शर्मा, एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह, एसडीएम हथीन हरीराम, सीटीएम प्रीति रावत, एमडी पलवल शुगर मिल द्विजा, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा, जिला आयुर्वेद अधिकारी डा. हमीदुल्लाह सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



