Palwal news: ग्रामीण सफाई कर्मियों ने शव यात्रा निकाल जलाया सरकार का पुतला
ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल के आठवें दिन शुक्रवार को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के कार्यालयों पर प्रदर्शन जारी रखा। ग्रामीण सफाई कर्मियों ने सरकार की शव यात्रा निकला पुतला भी जलाया। यूनियन के जिला प्रधान नरेश राजपूत के नेतृत्व में किए गए पुतला दहन कार्यक्रम में पलवल ब्लॉक के प्रधान बाबूराम, हसनपुर से जितेन्द्र चौहान, बडौली से रमेश कुमार तथा पृथला ब्लॉक से अर्जुन व सोनू शामिल रहे।
पलवल: ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल के आठवें दिन शुक्रवार को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के कार्यालयों पर प्रदर्शन जारी रखा। ग्रामीण सफाई कर्मियों ने सरकार की शव यात्रा निकला पुतला भी जलाया। यूनियन के जिला प्रधान नरेश राजपूत के नेतृत्व में किए गए पुतला दहन कार्यक्रम में पलवल ब्लॉक के प्रधान बाबूराम, हसनपुर से जितेन्द्र चौहान, बडौली से रमेश कुमार तथा पृथला ब्लॉक से अर्जुन व सोनू शामिल रहे। सीआईटीयू के नेता रमेशचंद व भागीरथ बेनीवाल तथा सर्व कर्मचारी संघ के नेता अनिल कुमार ने सफाई कर्मियों की हड़ताल का समर्थन करते हुए हरियाणा सरकार से तुरंत हस्तक्षेप करने तथा मांगों के समाधान की मांग की।
यूनियन के जिला प्रधान नरेश राजपूत व सीआईटीयू के नेता रमेशचंद ने कहा कि प्रदेश के हजारों ग्रामीण सफाई कर्मचारी 15 मई से हड़ताल पर हैं अभी तक सरकार उनकी मांगों का कोई समाधान नहीं कर पाई है l गर्मी के इस मौसम में सफाई व्यवस्था का संकट गहरा गया है,ऐसे हालात में बीमारी फैलने की आशंका बढ़ गई है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सफाई व्यवस्था व जन स्वास्थ्य के प्रति गंभीर नहीं है l ग्रामीण सफाई कर्मचारियों से पहले भी नगर पालिका व अग्नि शमन के कर्मचारी समस्याओं का समाधान करने को लेकर हड़ताल कर चुके हैंl ग्रामीण सफाई कर्मचारियों का यह तबका दलित पृष्ठभूमि से आता है जो सदियों से आर्थिक व सामाजिक भेदभाव का शिकार रहा है l यह पीड़ा 21 वीं शताब्दी के समाज में आज भी देखी जा सकती है। सबका साथ-सबका विकास करने का वायदा करने वाली भाजपा सरकार अब इसे भूल चुकी है।प्रदेश के मुख्यमंत्री ने नवंबर 2025 में डीएससी के सम्मेलन में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को 26 हजार रुपए व नगर पालिका कर्मचारियों को 27 हजार रुपए न्यूनतम वेतन देने की घोषणा की थी,जिसे आज तक लागू नहीं किया गया है l
यूनियन नेताओं ने जन स्वास्थ्य व सफाई व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए हड़ताली ग्रामीण सफाई कर्मचारियों से बातचीत करके मांगों का तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने ग्रामीण सफाई कर्मियों से 24-25 मई को प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री कृष्ण बेदी के नरवाना स्थित कार्यालय पर होने वाले प्रदर्शन में बढ़ चढ़ कर शामिल होने का आह्वान किया।
प्रदर्शन में यूनियन नेता सतपाल, विनोद, सुरेश, रमेश कुमार, नानक, बिजेंद्र, शिवकुमार, सुनील व मोहन ने भी विचार व्यक्त किए।




