Faridabad News : 11वीं राष्ट्रीय जूनियर रग्बी सेवन प्रतियोगिता में हरियाणा का शानदार प्रदर्शन, 24वें से 17वें स्थान पर पहुंची टीम
हैदराबाद में आयोजित 11वीं राष्ट्रीय जूनियर रग्बी सेवन प्रतियोगिता में हरियाणा जूनियर लड़कों की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पिछले संस्करण की तुलना में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया।
हैदराबाद में आयोजित 11वीं राष्ट्रीय जूनियर रग्बी सेवन प्रतियोगिता में हरियाणा जूनियर लड़कों की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पिछले संस्करण की तुलना में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया। सत्यवीर धनखड फरीदाबाद मीडिया प्रभारी खेल ने जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि पिछली बार 24वें स्थान पर रहने वाली हरियाणा की टीम इस बार 17वें स्थान पर रही। टीम ने खेले गए 5 मुकाबलों में से 3 में जीत हासिल कर अपनी प्रतिभा और संघर्षशीलता का परिचय दिया। 
नरेंद्र मोर वरिष्ठ पदाधिकारी हरियाणा राज्य रग्बी एवं इंडियन नेशनल लोकदल खेल एवं युवा कल्याण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबलों में हरियाणा को मजबूत टीमों का सामना करना पड़ा। पहले मैच में कर्नाटक ने हरियाणा को 12-0 से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में दिल्ली ने 43-0 से शिकस्त दी। इसके बाद हरियाणा ने शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन मुकाबले अपने नाम किए। टीम ने तमिलनाडु को 10-7 से हराया, गोवा को 24-0 से एकतरफा मुकाबले में पराजित किया तथा उत्तर प्रदेश को 12-0 से हराकर प्रतियोगिता का समापन जीत के साथ किया। टीम के साथ मौजूद सोनीपत रग्बी संघ के सचिव नरेंद्र सिंह मोर ने हैदराबाद से बताया कि टीम का प्रदर्शन पिछले वर्ष की तुलना में काफी बेहतर रहा है। 24वें स्थान से 17वें स्थान तक पहुंचना खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और कोचिंग स्टाफ के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लगातार बेहतर प्रशिक्षण और अधिक राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी से हरियाणा की टीम भविष्य में पदक जीतने की प्रबल दावेदार बनेगी।
पानीपत रग्बी संघ की अध्यक्ष बबीता सिंह ने खिलाड़ियों, टीम कोच अमन मलिक, कोच राजेश तक्षक तथा टीम प्रबंधन को बधाई देते हुए कहा कि तीन शानदार जीत के साथ प्रतियोगिता का समापन करना हरियाणा रग्बी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य की जूनियर टीमें आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय स्तर पर और भी बेहतर प्रदर्शन कर हरियाणा का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष में हमारी सब जूनियर जूनियर और सीनियर महिला टीमों ने राष्ट्रीय स्तर पर टॉप 10 रैंकिंग बनाई है, वहीं जूनियर लड़कों की टीम जहां पिछली बार तक सबसे निचली रैंकिंग में थी अबकी बार 17वीं रैंक पर पहुंच गई है। जबकि हरियाणा पुरुष टीम राष्ट्रीय चैंपियन है। हरियाणा रग्बी परिवार ने सभी खिलाड़ियों, कोचों एवं सहयोगी स्टाफ को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

About The Author
संबंधित समाचार



