Palwal News : बिजली कटौती और लो वोल्टेज से नहीं मिल रही निजात
भीषण गर्मी के बीच शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली कटौती तथा लो वोल्टेज की समस्या से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिन और रात में बार-बार बिजली जाने तथा पर्याप्त वोल्टेज न मिलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हथीन। भीषण गर्मी के बीच शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली कटौती तथा लो वोल्टेज की समस्या से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिन और रात में बार-बार बिजली जाने तथा पर्याप्त वोल्टेज न मिलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद विद्युत निगम के अधिकारी समस्या के समाधान की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। मंगलवार की रात को बास मोहल्ला, बघेल बस्ती, श्रीराम कॉलोनी, चुंगी मोड़, कुटी मन्दिर क्षेत्र, रीण्डका रोड, अहीर मोहल्ला, गढ़ी हथीन, साध मोहल्ला, बस अड्डा क्षेत्र, कुंडा मन्दिर कॉलोनी जलेब खान कॉलोनी अन्य क्षेत्रों में कम वोल्टेज के कारण लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ बिजली संकट और गहरा गया है। कई इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है जबकि सप्लाई आने पर भी वोल्टेज इतना कम रहता है कि कूलर, पंखे और अन्य विद्युत उपकरण ठीक से नहीं चल पा रहे हैं। लो वोल्टेज के कारण घरेलू उपकरण खराब होने का खतरा भी बना हुआ है। लोगों ने बताया कि रात के समय बिजली कटौती से सबसे अधिक परेशानी हो रही है। उमस और गर्मी के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की हालत खराब हो रही है। कई बार शिकायत दर्ज कराने के बाद भी विभागीय अधिकारी केवल आश्वासन देकर मामले को टाल देते हैं। विद्युत के कंट्रोल रूम और अधिकारियों के मोबाइल नम्बरों पर फोन करने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। कई बार कॉल रिसीव नहीं की जाती, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और लो वोल्टेज की समस्या दूर नहीं की गई तो उन्हें आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। लोगों ने विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, फॉल्ट की तत्काल मरम्मत करने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। बिजली निगम के एसडीओ जसवीर बैनीवाल ने बताया कि लोड अधिक बढ़ने से कई बार लाइनें ब्रेक डाउन हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि कई बार जम्पर टूट जाते हैं। इस कारण बिजली सप्लाई बाधित होती है। उन्होंने कहा कि अधीनस्थ स्टाफ को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।




