Faridabad News : भीषण गर्मी एवं प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों को देखते हुए नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए जन स्वास्थ्य परामर्श जारी
हरियाणा सरकार के दिशा-निर्देशों तथा नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में नगर निगम के चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नीतीश परवाल द्वारा वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी एवं प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों को देखते हुए नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए जन स्वास्थ्य परामर्श जारी किया गया है।
फरीदाबाद: हरियाणा सरकार के दिशा-निर्देशों तथा नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में नगर निगम के चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नीतीश परवाल द्वारा वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी एवं प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों को देखते हुए नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए जन स्वास्थ्य परामर्श जारी किया गया है।.jpg)
निगम के चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नीतीश परवाल ने बताया कि अत्यधिक तापमान के कारण लू (हीट स्ट्रोक), निर्जलीकरण (डिहाइड्रेशन) तथा खाद्य एवं जलजनित बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में आमजन, खाद्य व्यवसाय संचालकों, होटल-रेस्तरां, ढाबा संचालकों, डेयरी प्रतिष्ठानों, स्ट्रीट फूड विक्रेताओं एवं अन्य व्यावसायिक संस्थानों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। नगर निगम द्वारा जारी परामर्श में नागरिकों से पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का सेवन करने, दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचने, हल्के रंग के सूती वस्त्र पहनने तथा सिर को ढककर रखने की अपील की गई है। बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
खाद्य पदार्थों के संबंध में नागरिकों को केवल ताजा, स्वच्छ एवं पूर्णतः पका हुआ भोजन ग्रहण करने तथा बासी, खुले या दूषित खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने के लिए कहा गया है। वहीं खाद्य व्यवसाय संचालकों को खाद्य सामग्री की स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, शीत श्रृंखला (कोल्ड चेन) के रखरखाव तथा खाद्य पदार्थों को धूल, मक्खियों एवं अन्य प्रदूषण से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त डॉ नीतीश परवाल ने सभी प्रतिष्ठानों में स्वच्छ पेयजल, हाथ धोने की समुचित व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई तथा कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण को सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। मांस, मछली, दूध एवं अन्य शीघ्र खराब होने वाले खाद्य पदार्थों का उचित तापमान पर सुरक्षित भंडारण करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
नगर निगम ने नागरिकों से अपने घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा जलभराव एवं कूड़े-कचरे का संचय नहीं होने देने की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति में बुखार, उल्टी, दस्त, चक्कर आना, अत्यधिक कमजोरी अथवा लू के लक्षण दिखाई दें तो तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई है। निगम के चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों को संबंधित नियमों एवं मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करना होगा। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

About The Author
संबंधित समाचार



