Nuh Mewat News: नूंह में SIR को लेकर कांग्रेस सबसे सक्रिय, अन्य दलों में सुस्ती — मताधिकार को लेकर बढ़ी चिंता
नूंह जिले में इन दिनों SIR (Special Intensive Revision) अभियान को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। खास बात यह है कि इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी सबसे अधिक सक्रिय नजर आ रही है, जबकि अन्य राजनीतिक दलों की भागीदारी अपेक्षाकृत कम दिखाई दे रही है।
मेवात। नूंह जिले में इन दिनों SIR (Special Intensive Revision) अभियान को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। खास बात यह है कि इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी सबसे अधिक सक्रिय नजर आ रही है, जबकि अन्य राजनीतिक दलों की भागीदारी अपेक्षाकृत कम दिखाई दे रही है। बीते तीन दिनों से कांग्रेस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें लोगों को अपने वोट बनवाने और मतदाता सूची में नाम सुनिश्चित कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

लोकतंत्र में मताधिकार को सबसे बड़ा अधिकार माना जाता है। यह अधिकार हमें आजादी की लड़ाई में दी गई बड़ी कुर्बानियों के बाद हासिल हुआ। भारत में हर नागरिक को, चाहे वह किसी भी जाति, धर्म या वर्ग से हो, एक समान वोट का अधिकार दिया गया है। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति लापरवाही या जानकारी के अभाव में इस अधिकार से वंचित रह जाता है, तो यह लोकतंत्र की मजबूती के लिए भी चिंता का विषय बन जाता है।
कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे अभियान को इसी दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं कि वे अपनी वोटर लिस्ट में नाम की जांच करें और यदि नाम नहीं है तो तुरंत एनरोलमेंट फॉर्म भरें। लोगों को यह भी सलाह दी जा रही है कि वे अपने जरूरी दस्तावेज और दो लेटेस्ट पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखें, ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।
बताया जा रहा है कि जिन लोगों की मैपिंग हो चुकी है, उन्हें भी प्रक्रिया पूरी करने के लिए फॉर्म भरना जरूरी है, जबकि जिनकी मैपिंग नहीं हुई है, उन्हें तुरंत अपने दस्तावेज तैयार कर नाम जुड़वाने के लिए कहा जा रहा है। कई राज्यों में यह देखने को मिला है कि समय रहते प्रक्रिया पूरी न करने के कारण लोगों को बाद में न्यायालय तक जाना पड़ा, लेकिन राहत नहीं मिल सकी।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि जहां कांग्रेस इस विषय पर सक्रियता दिखा रही है, वहीं अन्य दल अभी उतनी गंभीरता से आगे नहीं आए हैं। जबकि वोट सभी पार्टियां लेती हैं, इसलिए यह जिम्मेदारी भी सभी की बनती है कि वे नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें।
क्या कहते हैं कांग्रेस विधायक चौधरी आफताब अहमद :

नूंह से कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री चौधरी आफताब अहमद ने कहा कि वोट का अधिकार लोकतंत्र की आत्मा है और इसे किसी भी कीमत पर हल्के में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि आजादी के समय हमारे पूर्वजों ने जो कुर्बानियां दीं, उनका सबसे बड़ा परिणाम यही है कि आज हर नागरिक को बराबरी का अधिकार मिला है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे SIR अभियान को गंभीरता से लें, अपने नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करें और यदि किसी कारणवश नाम नहीं जुड़ा है तो तुरंत प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस दिशा में पूरी जिम्मेदारी के साथ काम कर रही है, लेकिन यह सिर्फ किसी एक दल की जिम्मेदारी नहीं बल्कि सभी राजनीतिक दलों और समाज के हर वर्ग की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने अन्य पार्टियों से भी अपील की कि वे आगे आकर लोगों को जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए।
विशेषज्ञों का मानना है कि एक मजबूत लोकतंत्र के लिए जरूरी है कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में हो और वह अपने वोट का इस्तेमाल करे। इसलिए अब समय है कि न सिर्फ राजनीतिक दल बल्कि आम जनता भी जागरूक हो और अपने इस महत्वपूर्ण अधिकार को किसी भी हाल में हाथ से न जाने दे।

About The Author
संबंधित समाचार



