Gurugram News: दो महीने में तैयार होगी एलिवेटेड कॉरिडोर की फिजिबिलिटी रिपोर्ट -- रिपोर्ट के बाद ही तय किन सड़कों पर बन सकता है कॉरिडोर
शहर में बनने वाले एलिवेटेड कॉरिडोर की दशा और दिशा अगले दो महीने में तय हो जाएगी। साफ शब्दों में कहें तो अगले दो महीने में कॉरिडोर की फिजीबिलिटी रिपोर्ट तैयार हो जाएगी।
गुरुग्राम: शहर में बनने वाले एलिवेटेड कॉरिडोर की दशा और दिशा अगले दो महीने में तय हो जाएगी। साफ शब्दों में कहें तो अगले दो महीने में कॉरिडोर की फिजीबिलिटी रिपोर्ट तैयार हो जाएगी। रिपोर्ट के बाद ही तय होगा कि कौन-कौन सी सड़कें एलिवेटेड की जा सकती हैं। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने फिजीबिलिटी रिपोर्ट की तैयारी कर ली है। .jpeg)
.jpeg)
शहर की कुछ चुनिंदा और प्रमुख सड़कों का जाम खत्म करने के लिए गत वर्ष 30 दिसंबर को विकसित गुरुग्राम महारैली में विधायक व हरियाणा ओलिंपिक संघ के उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सामने शहर की मुख्य सड़कों को एलिवेटेड किए जाने की मांग रखी थी।
मांग के मुताबिक जीएमडीए ने आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। राजीव चौक से ओल्ड रेलवे रोड होते हुए चिंतपूर्णी मंदिर तक, चिंतपूर्णी मंदिर से शीतला माता रोड होते हुए लेफ्टिनेंट अतुल कटारिया चौक तक सड़क को एलिवेटेड किए जाने की मांग है। लेफ्टिनेंट अतुल कटारिया चौक से लेकर डूंडाहेड़ा बॉर्डर तक ओल्ड दिल्ली रोड के साथ ही महाराणा प्रताप चौक से गांव सुखराली होते हुए इफको चौक तक की सड़क को भी एलिवेटेड किए जाने की मांग है। इन सड़कों से ही ओल्ड गुरुग्राम इलाके की अधिकतर सड़कें जुड़ी हैं। यदि इन सड़कों पर से ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा तो लाखों लोगों को राहत मिलेगी। शहर की कई अन्य सड़कें भी हैं, जिनके ऊपर ट्रैफिक का भारी दबाव है। इन सड़कों में हीरो होंडा चौक से कैप्टन उमंग भारद्वाज चौक, पालम विहार रोड, मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम मेट्रो स्टेशन से सुभाष चौक रोड मुख्य हैं। मेट्रो के विस्तार से इन सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा। एसपीआर को एलिवेटेड किए जाने की योजना तैयार है।
शासन प्रशासन की ओर से हो गया निरीक्षण
जिन सड़कों को एलिवेटेड किए जाने की मांग है, उनका निरीक्षण विधायक मुकेश शर्मा एवं जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा संयुक्त रूप से जनवरी में ही कर चुके हैं। निरीक्षण करने के बाद मीणा ने भी यह महसूस किया कि शहर को ट्रैफिक जाम मुक्त करने के लिए सड़कों को एलिवेटेड करना ही विकल्प है।
----------
कई सड़कों को एलिवेटेड किए जाने की मांग पर कार्यवाही जल्द ही शुरू हाेगी। सबसे पहले फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। यह कार्य अगले दो महीने के भीतर पूरा करने का प्रयास होगा। रिपोर्ट तैयार होने के बाद आगे का काम तेजी से शुरू हो जाएगा।
- प्रवीण चौधरी, चीफ इंजीनियर, जीएमडीए
-----------
प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी साइबर सिटी की समस्याओं को जड़ से खत्म करना चाहते हैं। शहर की सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक जाम है। मेट्रो विस्तार के साथ ही कुछ सड़कों को एलिवेटेड किए जाने से यह समस्या दूर हो जाएगी। इसके बाद विकास की गति और तेज होगी।
- मुकेश शर्मा, विधायक

About The Author
संबंधित समाचार



