Rewari News: महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया के खिलाफ नर्सिंग स्टाफ ,मंगलवार को रखी दो घंटे की हड़ताल
आपात सेवाएं छोड़ अधिकांश स्वास्थ्य सेवाएं रहीं प्रभावित, माफी नहीं मांगने पर दी अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
मंगलवार को प्रदेश के साथ ही जिला रेवाड़ी के सरकारी अस्पतालों के नर्सिंग स्टाफ ने राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया के खिलाफ दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल कर अपना विरोध दर्ज कराया।
रेवाड़ी। मंगलवार को प्रदेश के साथ ही जिला रेवाड़ी के सरकारी अस्पतालों के नर्सिंग स्टाफ ने राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया के खिलाफ दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल कर अपना विरोध दर्ज कराया। 

सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित इस हड़ताल के दौरान आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को छोड़कर सरकारी अस्पतालों में अधिकांश स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। नर्सिंग कर्मियों ने नागरिक अस्पताल परिसर में धरना देकर अपना रोष जताया।
बोली : महिला कर्मचारी का अपमान किया !
रेवाड़ी में धरने पर बैठे नर्सिंग स्टाफ ने कहा कि कुरुक्षेत्र में एक नर्सिंग अधिकारी के साथ राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने जो व्यवहार किया, वह आपत्तिजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है और वे ऐसा सोच भी नहीं सकते।
उन्होंने कहा कि एक महिला होते हुए किसी महिला कर्मचारी के बारे में अपशब्द कहना और सार्वजनिक रूप से उसको बेइज्जत करना उचित नहीं। नर्सिंग कर्मियों ने कहा कि रेणु भाटिया स्वयं एक महिला हैं, इसलिए उन्हें महिलाओं के सम्मान और गरिमा का खुद भी ध्यान रखना चाहिए।
नर्सिंग समुदाय के सम्मान को पहुंची ठेस
नर्सिंग कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि इस घटना से पूरे नर्सिंग समुदाय के मान-सम्मान को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में कार्यरत नर्सिंग स्टाफ दिन-रात मरीजों की सेवा करता है और उनके साथ इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता।
माफी नहीं मांगी आंदोलन होगा तेज
नर्सिंग स्टाफ ने चेतावनी दी कि यदि महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगती, तो प्रदेशभर के नर्सिंग कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि सम्मान और गरिमा से जुड़े इस मुद्दे पर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
हरियाणा नर्सिंग एसोसिएशन के आह्वान पर हुआ प्रदर्शन
नर्सिंग कर्मियों ने बताया कि हरियाणा नर्सिंग एसोसिएशन के आह्वान पर प्रदेशभर में मंगलवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सांकेतिक हड़ताल आयोजित की गई। इसी के तहत रेवाड़ी में भी नर्सिंग कर्मचारियों ने विरोध दर्ज कराया।
दुष्कर्म की घटना की भी की निंदा
प्रदर्शन के दौरान नर्सिंग स्टाफ ने कुरुक्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म की घटना की कड़ी निंदा की और प्रशासन से महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। नर्सिंग कर्मियों ने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कार्रवाई जरूरी है।

About The Author
संबंधित समाचार



