Nuh Mewat News: प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में हरियाणा की रहेगी अहम भागीदारी: डा. अर्चना गुप्ता
कांग्रेस ने केवल वोट बैंक की राजनीति और तुष्टिकरण की नीति अपनाई, भाजपा ने विकास और सुशासन को प्राथमिकता दी: डा. अर्चना गुप्ता
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का गुरुवार को नूंह पहुंचने पर जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू, पूर्व विधायक चौधरी जाकिर हुसैन, पूर्व मंत्री संजय सिंह, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं तथा गणमान्य नागरिकों ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
नूंह: भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का गुरुवार को नूंह पहुंचने पर जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू, पूर्व विधायक चौधरी जाकिर हुसैन, पूर्व मंत्री संजय सिंह, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं तथा गणमान्य नागरिकों ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां ढोल-नगाड़ों की गूंज, पुष्पवर्षा और भारत माता की जय, मोदी, नायब जिंदाबाद, डा. अर्चना गुप्ता जिंदाबाद के जयघोषों के बीच प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया गया।
कार्यकर्ताओं और नागरिकों के उत्साह को देखकर डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि यह स्वागत किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि भाजपा के समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ताओं का सम्मान है, जो दिन-रात संगठन और राष्ट्रहित के लिए कार्य कर रहे हैं।

पटेल वाटिक में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र पर कार्य करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाएं पहुंचाने का कार्य किया है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रही कांग्रेस ने केवल वोट बैंक की राजनीति और तुष्टिकरण की नीति अपनाई, जबकि भाजपा ने विकास और सुशासन को प्राथमिकता दी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार में आज देश में 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। 14 करोड़ से अधिक परिवारों को शौचालय की सुविधा मिली है। उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को गैस कनेक्शन देकर धुएं से मुक्ति दिलाई गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीबों को पक्के घर मिले हैं और आयुष्मान भारत योजना के जरिए जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है। भाजपा धर्म, जाति और क्षेत्र के आधार पर राजनीति नहीं करती, बल्कि बिना भेदभाव के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करती है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रदेश में एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्ग, आधुनिक सड़कें और आधारभूत ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है। युवाओं को पारदर्शी व्यवस्था के तहत मेरिट के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं। मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव के दौरान जो संकल्प प्रदेश की जनता के सामने रखे थे, उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर बोलते हुए डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि नायब सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। लाडो लक्ष्मी योजना सहित कई कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी और नायब सरकार किसानों को आधुनिक कृषि सुविधाएं, युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तथा गरीबों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देकर उन्हें सशक्त बनाने का कार्य कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। केंद्र में लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी सरकार और हरियाणा में नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार का गठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रहे हैं तथा योजनाओं को घर-घर तक पहुंचा रहे हैं।
संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए भाजप प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि प्रत्येक बूथ को और अधिक मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि यदि बूथ मजबूत होगा तो संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा चुनावी सफलता भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक घर तक पहुंचने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर डॉ. गुप्ता ने कहा कि ये 12 वर्ष भारत के स्वर्णिम, गौरवशाली और ऐतिहासिक वर्ष रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई है। देश आज दुनिया की प्रमुख आर्थिक शक्तियों में शामिल है और आत्मनिर्भर भारत का सपना तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में हरियाणा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। डा. अर्चना गुप्ता ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता विकसित भारत के प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प को पूरा करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएगा।
इसके बाद फिरोजपुर झिरका शहर में हुए पंजाबी समाज और अग्रवाल समाज द्वारा आयोजित किए गए सम्मान समारोह में भी उन्होंने शिरकत करी.
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू, जिला प्रभारी समय सिंह भाटी, पूर्व विधायक चौधरी जाकिर हुसैन, पूर्व मंत्री संजय सिंह, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व नूंह जिला प्रमुख जान मोहम्मद, पूर्व विधायक नसीम अहमद, पूर्व प्रत्याशी एजाज खान, नगर परिषद चेयरमैन संजय मनोचा, पालिका चेयरमैन मनीष जैन, जिला मीडिया प्रभारी जतिन बुसरी, संजीव गर्ग, असरूद्दीन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने प्राचीन नल्हड़ शिव मंदिर में की पूजा-अर्चना, गुरु रविदास मंदिर में भी टेका माथा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने भगवान भोलेनाथ से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की
अपने स्वागत कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने पांडवकालीन नल्हड़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान शिव से प्रदेशवासियों के सुखमय जीवन, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि महादेव की कृपा सभी पर बनी रहे तथा प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो। उन्होंने कहा कि हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करती है तथा हमें अपने मूल्यों से जोड़कर रखती है।
डा. अर्चना गुप्ता ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के मंदिर में भी शीश नवाया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी के विचार और शिक्षाएं आज भी पूरे समाज को समानता, समरसता, मानवता और सामाजिक एकता का मार्ग दिखाती हैं। संत रविदास जी का जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

About The Author
संबंधित समाचार



