तावडू: तावडू नूंह पुलिस की अपराध अनुसंधान शाखा तावडू ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए केएमपी घूलावट फ्लाई ओवर के समीप धुलावट रोड छोटी पुलिया के पास से एक नशा तस्कर को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ हेरोइन के साथ रंगे हाथों दबोचा है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से 40.49 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।nasha
मिली जानकारी के अनुसार, सदर थाना तावडू के अंतर्गत अपराध अनुसंधान शाखा सीआईए की टीम गश्त के दौरान केएमपी घूलावट फ्लाई ओवर के नीचे मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर खास ने पुलिस को सूचना दी कि नदीम पुत्र मोहम्मद, निवासी रूपडाका थाना उटावड़, जिला पलवल नशीला पदार्थ हेरोइन बेचने का अवैध धंधा करता है। वह नूंह जिला के पुन्हाना क्षेत्र से सस्ते दामों पर हेरोइन खरीदकर लाता है और आज भी वह छोटी पुलिया के पास फुटकर ग्राहकों को हेरोइन सप्लाई करने की फिराक में खड़ा है। सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत धुलावट रोड छोटी पुलिया के पास रेड की। पुलिस गाड़ी को देखकर एक युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नदीम पुत्र मोहम्मद, निवासी रूपडाका बताया। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से नशीला पदार्थ 40.49 ग्राम हेरोइन पाई गई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह नशा कहाँ से लाया था और इलाके में किसे सप्लाई करने वाला था।