Nuh Mewat News: विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू, बीएलओ ने घर-घर बांटना शुरू किया एन्यूमरेशन फॉर्म - उपायुक्त
मतदाताओं से अपील- गणना फार्म को पूर्ण रूप से भरकर, कलर फोटो व हस्ताक्षर के साथ बीएलओ को सौंपे
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में सोमवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों (ईआरओ) एवं एसडीएम की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति तथा आगामी कार्य योजना की विस्तार से समीक्षा की गई।
नूंह: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में सोमवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों (ईआरओ) एवं एसडीएम की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति तथा आगामी कार्य योजना की विस्तार से समीक्षा की गई।उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण एवं अद्यतन के लिए सोमवार 15 जून से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है, जोकि आगामी 14 जुलाई 2026 तक चलेगा।

इस कार्यक्रम के लिए जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 655 मतदान केंद्रों से संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) ने घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करना शुरू कर दिया है। इसके बाद मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरकर अपने हस्ताक्षर के साथ बीएलओ के पास जमा करवाना होगा, जिस पर रंगीन फोटो भी लगाना अनिवार्य है। उपायुक्त ने बताया कि जिला नूंह में वर्तमान में कुल 6 लाख 59 हजार 697 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 79-नूंह विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 9 हजार 569 व 80-फिरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 44 हजार 719 तथा 81-पुन्हाना विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 5 हजार 409 मतदाता शामिल हैं।
उन्होंने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तथा कोई अपात्र व्यक्ति सूची में दर्ज न होने पाए। अभियान को पूर्ण पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ संचालित किया जाए। उपायुक्त ने बताया कि 21 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित किया जाएगा। इसके उपरांत 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निपटारा 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान 1 जुलाई 1987 से पूर्व जन्मे नागरिकों को अपनी आयु एवं पहचान संबंधी एक मान्य दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। वहीं 1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच जन्मे व्यक्तियों को अपना एक दस्तावेज तथा माता या पिता में से किसी एक का दस्तावेज देना होगा। इसके अतिरिक्त 2 दिसंबर 2004 के बाद जन्मे आवेदकों को अपना एक दस्तावेज तथा माता-पिता दोनों के एक-एक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। उपायुक्त ने सभी एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीएलओ द्वारा प्रत्येक घर एवं मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित की जाए तथा अभियान को जिले में सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में सभी राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) का भी सहयोग लिया जाए। यह विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 1 जुलाई 2026 को आधार तिथि मानकर संचालित किया जा रहा है।
उपायुक्त ने जिलावासियों से भी अपील की है कि वे गणना फार्म को अच्छी प्रकार से भरकर अपने हस्ताक्षर करते हुए बीएलओ को सौंपे। इस अवसर पर संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी, एसडीएम, अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एसडीएम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम, नगराधीश अप्रितम सिंह, नायब तहसीलदार चुनाव राजेंद्र हुड्डा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




