Nuh Mewat News: प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का समय पर निपटान करना प्रशासन की प्राथमिकता: उपायुक्त अखिल पिलानी
समाधान शिविर में उपायुक्त ने सुनी नागरिकों की समस्याएं
उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा जनसेवा की दिशा में कदम बढ़ाते हुए आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर लोगों की समस्याओं का निराकरण करने का सशक्त माध्यम है।
नूंह: उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा जनसेवा की दिशा में कदम बढ़ाते हुए आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर लोगों की समस्याओं का निराकरण करने का सशक्त माध्यम है। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का समय पर निपटान हो इसके लिए समाधान शिविर में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए लोगों को राहत पहुंचाई जा रही है।
उपायुक्त ने सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में 11 लोगों की शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। समाधान शिविर में आए नागरिकों ने उपायुक्त के समक्ष अपनी समस्याओं को रखा। समाधान शिविर में जल आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, परिवार पहचान पत्र, पेंशन से संबंधित और राजस्व मामलों से जुड़ी समस्याएं सामने आई। उपायुक्त ने समाधान शिविर में आने वाली सभी समस्याओं की कार्यर्वाही के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि जनता व प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करते हुए लोगों की समस्याओं का निवारण व सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाने के लिए जिला व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार व गुरुवार को प्रात: 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं ताकि लोगों को एक स्थान पर उनकी समस्याओं को सुनकर उनका निवारण किया जा सके।
इस अवसर पर डीएसपी पृथ्वी सिंह, उप-सिविल सर्जन डॉ आशीष सिंगला, डीएफएससी सीमा शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी अनिल दहिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी विरेंद्र यादव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।




