Nuh mewat news: 15 जून से शुरू होगा मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान : उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी
एक जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए जिलेभर में चलेगा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अखिल पिलानी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए 15 जून से विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) कार्यक्रम-2026 के तहत व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे तथा कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो सके।
नूंह: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अखिल पिलानी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए 15 जून से विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) कार्यक्रम-2026 के तहत व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे तथा कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो सके। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि इस विशेष पुनरीक्षण अभियान के लिए 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है। अर्थात जो नागरिक 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके होंगे, वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने के पात्र होंगे। अभियान के दौरान मृत, स्थानांतरित तथा अन्य अपात्र मतदाताओं के नाम भी मतदाता सूची से हटाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के प्रारंभिक चरण में 11 जून तक संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रमों में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों, मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया तथा अन्य आवश्यक प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) को भी प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
15 जून से 14 जुलाई तक घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे बीएलओ: जिला निर्वाचन अधिकारी अखिल पिलानी ने बताया कि 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर सर्वेक्षण कार्य करेंगे। इस दौरान वे मतदाताओं से एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाएंगे, फोटो का सत्यापन एवं अद्यतन करेंगे तथा आवश्यक हस्ताक्षर प्राप्त करेंगे। नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पात्र नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी मतदाता पंजीकरण एवं अन्य सेवाओं का लाभ निर्वाचन आयोग के मतदाता पोर्टल के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।
मतदाता सूची सर्वेक्षण में सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक: उपायुक्त ने जिले के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जब बीएलओ घर-घर सर्वेक्षण के लिए आएं तो उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाकर पूरा सहयोग दें। मतदाता प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद अपने नाम, पते, जन्मतिथि तथा अन्य विवरणों का सावधानीपूर्वक सत्यापन अवश्य करें। किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर निर्धारित अवधि के भीतर दावा अथवा आपत्ति दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा का पालन करना अत्यंत आवश्यक है तथा सभी दावे एवं आपत्तियां निर्धारित अवधि के दौरान ही स्वीकार की जाएंगी।
अखिल पिलानी ने निर्देश दिए कि पुन्हाना, नूंह तथा फिरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्रों के लिए नियुक्त सभी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा अपने-अपने क्षेत्रों में सर्वेक्षण कार्य की निरंतर समीक्षा सुनिश्चित करें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

About The Author
संबंधित समाचार



