Nuh Mewat News: सरकार ने पहुंचाया अंतिम व्यक्ति तक की योजनाओं का लाभ : जान मोहम्मद
12 वर्ष सेवा, सुशासन और जनकल्याण के रहे ऐतिहासिक
केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के पर सोमवार को बीडीपीओ कार्यालय नूंह के सभागार में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया।
नूंह: केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के पर सोमवार को बीडीपीओ कार्यालय नूंह के सभागार में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन के दौरान जिला परिषद अध्यक्ष जान मोहम्मद तथा भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

जिला परिषद अध्यक्ष जान मोहम्मद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया गया है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में व्यापक सुधार आया है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं तथा पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य सुरक्षा कवच प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है, जबकि जल जीवन मिशन के माध्यम से गांव-गांव स्वच्छ पेयजल पहुंचाया गया है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान ने बेटियों के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मेवात क्षेत्र में सड़क, शिक्षा तथा आधारभूत ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।
जान मोहम्मद ने कहा कि सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत बनाते हुए विकास कार्यों के लिए राशि सीधे संबंधित संस्थाओं के खातों में पहुंचाने की व्यवस्था की है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और ग्रामीण विकास को गति मिली है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को सीधे आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है तथा युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों को "12 साल बेमिसाल" इसलिए कहा जाता है क्योंकि सरकार ने समाज की वास्तविक समस्याओं को पहचानकर उनका स्थायी समाधान करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर शौचालय निर्माण से महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा मिली है। पहले ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन सरकार ने उनकी आवश्यकताओं को समझते हुए ठोस कदम उठाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब परिवारों की महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य की चिंता की है। इसी प्रकार किसानों की समस्याओं को समझते हुए किसान सम्मान निधि, न्यूनतम समर्थन मूल्य तथा कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र से जुड़ी अनेक योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ किसानों को मिल रहा है।
सुरेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार की योजनाओं का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं बल्कि लोगों को आत्मनिर्भर बनाना है। आज गरीब परिवार गरीबी से बाहर निकल रहे हैं, किसानों की आय में वृद्धि हो रही है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को साकार करते हुए वर्तमान सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है।
दोनों वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश और प्रदेश निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगा और विश्व में मार्गदर्शक की भूमिका निभाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है तथा विकसित भारत के निर्माण की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर विभिन्न पंचायतों के सरपंच तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




