Nuh Mewat News: 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिलेभर में योग प्रशिक्षण अभियान तेज
उपायुक्त अखिल पिलानी के निर्देशानुसार तथा हरियाणा सरकार के मार्गदर्शन में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन को लेकर जिलेभर में योग जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जा रहा है।
नूंह: उपायुक्त अखिल पिलानी के निर्देशानुसार तथा हरियाणा सरकार के मार्गदर्शन में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन को लेकर जिलेभर में योग जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आमजन को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार प्रशिक्षित करना तथा योग को जन-जन तक पहुंचाना है।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. यशबीर गहलावत ने बताया कि आयुष विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न विभागों और संस्थानों में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित योग सहायकों और प्रशिक्षकों द्वारा सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया गया।
उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" निर्धारित की गई है। इसी विषय को केंद्र में रखते हुए जिले के विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से योग प्रशिक्षण एवं जन-जागरूकता गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं।
डॉ. गहलावत ने बताया कि जिले के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) मरोड़ा, उजीना, नगीना, फिरोजपुर झिरका, पिनगवां एवं पुन्हाना में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों को भी कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान योग के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि योग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ संतुलन, एकाग्रता और आत्मनियंत्रण विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हरियाणा सरकार की "फिट हरियाणा" पहल को इन कार्यक्रमों से नई गति मिल रही है। इसके साथ ही "योगयुक्त-नशामुक्त हरियाणा" तथा "हरित योग" अभियान के तहत औषधीय पौधों के रोपण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
डॉ. गहलावत ने कहा कि योग एवं ध्यान के नियमित अभ्यास से युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है, जिससे वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होते हैं।
उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर योग को जनआंदोलन बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

About The Author
संबंधित समाचार



