Mewat News: जायज़ वोट जोड़ने और गलत वोट रोकने का काम करें बीएलए व कार्यकर्ता : आफताब अहमद
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जिला मुख्यालय नूंह पर स्थानीय कांग्रेस विधायक चौधरी आफताब अहमद की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बूथ लेवल एजेंट व कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया।
मेवात: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जिला मुख्यालय नूंह पर स्थानीय कांग्रेस विधायक चौधरी आफताब अहमद की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बूथ लेवल एजेंट व कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची की पारदर्शिता, कार्यकर्ताओं की नियुक्ति और चुनावी प्रक्रिया में बूथ प्रबंधन को सुचारू बनाना है।
.jpeg)
इसमें नूंह विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) नियुक्त करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और उनकी नियुक्ति के लिए प्रक्रिया शुरू की गई। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक आफताब अहमद ने कहा कि मतदाता सूची के सत्यापन और शुद्धिकरण कार्य को सफल बनाने में बीएलए-2 की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इसके साथ साथ कांग्रेस कार्यकर्ता भी इस कार्य में लोगों का मार्गदर्शन करने का काम करेंगे।
कांग्रेस पार्टी ने पहले ही महताब अहमद को बीएलए-1 नियुक्त किया हुआ है और अब उनकी देखरेख में प्रत्येक बूथ पर बीएलए-2 की नियुक्ति की जा रही है।
विधायक आफताब अहमद ने कहा कि बीएलए-2 अपने-अपने बूथ क्षेत्र में मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन करवाने, नई वोट बनवाने तथा पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने का कार्य करेंगे। इसके अलावा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाताओं को जागरूक करने का भी काम करेंगे।
विधायक आफताब अहमद ने बताया कि एसआइआर कार्यक्रम के तहत प्रत्येक मतदाता को 15 जून से गणना फार्म भरकर जमा करवाना होगा। कांग्रेस द्वारा नियुक्त किए जा रहे बीएलए-2 यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके बूथ क्षेत्र का कोई भी मतदाता गणना फार्म भरने से वंचित न रहे।
विधायक आफताब अहमद ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को इस प्रक्रिया की जानकारी देने व फार्म भरवाने में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम इसमें दर्ज रहना बेहद आवश्यक है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी गंभीरता के साथ अभियान में सहयोग कर रही है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान अधिकार से वंचित न रह जाए।
कांग्रेस विधायक आफताब अहमद इस दौरान बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए बोले कि बिहार, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में लोगों के वोट काट कर बीजेपी सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी के साथ साथ अब बीजेपी सरकार सीट चोरी भी कर रही है जो अभी हाल ही में राज्य सभा चुनाव में देखा गया है।
इस दौरान विधायक आफताब अहमद ने बताया कि 15 जून से सभी मतदाता गणना फॉर्म जरूर भरें चाहे उनका नाम 2002 मतदाता सूची में हो या नहीं। उन्होंने जरूरी दस्तावेजों के बारे में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जानकारी दी है।
वहीं चौधरी महताब अहमद ने कहा कि कांग्रेस एसआईआर को लेकर पूरी तरह गंभीर है और हर मुमकिन कोशिश की जाएगी कि सही वोट कटे नहीं और ग़लत वोट जुड़े नहीं। महताब अहमद ने कहा कि सभी कार्यकर्ता एक महीने की मेहनत जी जान से करें ताकि लोकतंत्र की बुनियादी हक वोट की चोरी नहीं हो सके।

About The Author
संबंधित समाचार



