Taudu News: मुख्य बाजार में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, दुकानदारों को अंतिम चेतावनी
एसडीएम जितेंद्र गर्ग ने किया तावडू मुख्य बाजार का निरीक्षण, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
एसडीएम जितेंद्र गर्ग ने शुक्रवार को नगर के मुख्य बाजार का निरीक्षण किया और बाजार क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण पर गहरी चिंता जताई। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर तख्त, छोटे स्टूल, चौखट तथा अन्य सामान रखकर सार्वजनिक मार्ग पर अवैध कब्जा कर रखा है, जिससे मुख्य बाजार का रास्ता लगातार संकरा होता जा रहा है और आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तावडू: एसडीएम जितेंद्र गर्ग ने शुक्रवार को नगर के मुख्य बाजार का निरीक्षण किया और बाजार क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण पर गहरी चिंता जताई। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर तख्त, छोटे स्टूल, चौखट तथा अन्य सामान रखकर सार्वजनिक मार्ग पर अवैध कब्जा कर रखा है, जिससे मुख्य बाजार का रास्ता लगातार संकरा होता जा रहा है और आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

निरीक्षण के बाद एसडीएम ने मुख्य बाजार के छोटे-बड़े दुकानदारों और व्यापारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बाजार क्षेत्र में किए गए सभी अतिक्रमण को तुरंत प्रभाव से हटाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो संबंधित दुकानों को सील करने सहित सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम जितेंद्र गर्ग ने कहा कि नगर में पहले भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था, लेकिन कुछ कारणों से इसकी गति धीमी पड़ गई थी। अब प्रशासन एक बार फिर अभियान को तेज करने जा रहा है और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्य बाजार में अतिक्रमण को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। बाजार में दुकानों के बाहर सामान रखने और रास्तों को अवरुद्ध करने के कारण लोगों को परेशानी होती है। इस संबंध में व्यापारियों को पहले भी चेतावनी दी जा चुकी है, लेकिन अब प्रशासन इसे गंभीरता से लागू करेगा। एसडीएम ने कहा कि शहर में किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी दुकानदारों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की।




