Palwal news: रोजगार मेला में अधिक से अधिक पंजीकरण करें सुनिश्चित, ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकाधिक युवाओं की हो भागीदारी : अतिरिक्त उपायुक्त
अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद की अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर डीएलसीसी की बैठक आयोजित
पलवल में आगामी 3 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय रोजगार मेले की तैयारियों की समीक्षा एवं विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्तरीय समन्वय समिति (डीएलसीसी) की बैठक लघु सचिवालय पलवल के प्रथम तल स्थित कमरा नंबर-102 में आयोजित की गई।
पलवल: पलवल में आगामी 3 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय रोजगार मेले की तैयारियों की समीक्षा एवं विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्तरीय समन्वय समिति (डीएलसीसी) की बैठक लघु सचिवालय पलवल के प्रथम तल स्थित कमरा नंबर-102 में आयोजित की गई।

अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने बैठक में 3 जुलाई को प्रस्तावित जिला स्तरीय रोजगार मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए रोजगार मेले को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला खेल अधिकारी पलवल को रोजगार मेले के आयोजन स्थल नेताजी सुभाषचंद्र बोस खेल स्टेडियम पलवल में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकाधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) को सभी ग्राम पंचायतों के माध्यम से रोजगार मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र युवाओं को मेले में भाग लेने के लिए प्रेरित करने को कहा।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बैठक में आईटीआई, पॉलिटेक्निक, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों को अपने संस्थानों के विद्यार्थियों, प्रशिक्षित युवाओं एवं पास-आउट अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में भाग लेने के लिए प्रेरित करने तथा अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त पलवल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (पीआईए) के सचिव को जिले की निजी कंपनियों एवं औद्योगिक इकाइयों से संपर्क स्थापित कर उनकी रोजगार मेले में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही भाग लेने वाली कंपनियों तथा उपलब्ध रोजगार अवसरों का विवरण समयबद्ध रूप से जिला रोजगार कार्यालय को उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया।
अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं को आगामी सप्ताह के अंत तक अपनी तैयारियों एवं कार्ययोजना को अंतिम रूप देकर उसकी सूचना उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय रोजगार मेला युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है तथा सभी विभागों के सहयोग से इसे सफल बनाया जाएगा।
बैठक में मंडल रोजगार अधिकारी योगेश, जिला रोजगार अधिकारी डा. शक्तिपाल, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के प्रधानाचार्य जिले सिंह, राजकीय महाविद्यालय के प्रधानाचार्य रतन सैनी, दीपक शर्मा, सिद्धार्थ भार्गव, महेश सहित विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



