Nuh/ Nagina News: हबीब हवन ने कांग्रेस विधायक मामन खान पर लगाए गंभीर आरोप, बोले—“एक साल तक विकास रोकने की साजिश रची”
नगीना पंचायत समिति के एक साल बाद फिर से सक्रिय होने के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। पत्रकार वार्ता के दौरान हबीब हवन ने कांग्रेस विधायक मामन खान पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें इलाके में विकास कार्य ठप होने का जिम्मेदार ठहराया।
नूंह/नगीना: नगीना पंचायत समिति के एक साल बाद फिर से सक्रिय होने के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। पत्रकार वार्ता के दौरान हबीब हवन ने कांग्रेस विधायक मामन खान पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें इलाके में विकास कार्य ठप होने का जिम्मेदार ठहराया।

हबीब हवन ने सबसे पहले सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि न्यायालय के निर्णय से पंचायत समिति को फिर से काम करने का मौका मिला है। उन्होंने प्रशासन और सभी पंचायत समिति सदस्यों का भी आभार जताया, जिनके सहयोग से यह संभव हो सका। उन्होंने बीरबल, नसीम सरपंच, परवेज, उस्मान, युसुफ सहित अन्य साथियों की मेहनत को सराहते हुए कहा कि सभी के लगातार प्रयासों का ही नतीजा है कि आज चेयरमैन दोबारा अपनी कुर्सी पर बैठे हैं और समिति की बैठक शांतिपूर्वक संपन्न हुई है।
इस दौरान हबीब हवन ने सीधे तौर पर कांग्रेस विधायक मामन खान पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले एक साल में जो भी राजनीतिक उठापटक हुई, उसके पीछे विधायक की भूमिका रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चेयरमैन को हटाने और नुकसान पहुंचाने के लिए लगातार साजिशें रची गईं, लेकिन हर बार वे प्रयास विफल रहे।
उन्होंने कहा, “एक साल तक इलाके में विकास कार्य पूरी तरह से रुके रहे। इसके लिए 100 प्रतिशत जिम्मेदार कांग्रेस विधायक ही हैं। उन्होंने अविश्वास प्रस्ताव और अन्य तरीकों से पंचायत समिति को अस्थिर करने की कोशिश की, जिससे जनता को नुकसान उठाना पड़ा।”
हबीब हवन ने विधायक की राजनीति को “नेगेटिव राजनीति” बताते हुए कहा कि इस तरह की कार्यशैली से केवल विकास प्रभावित होता है और आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ती है।
हालांकि अब समिति के फिर से सक्रिय होने पर उन्होंने उम्मीद जताई कि विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ेंगे। उन्होंने चेयरमैन और अन्य सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि वे ईमानदारी के साथ काम करें और सभी गांवों व वार्डों में समान रूप से विकास कार्य करवाएं।
उन्होंने कहा, “अब जब पंचायत समिति फिर से काम कर रही है तो जरूरी है कि बजट का सही इस्तेमाल हो और हर गांव तक उसका फायदा पहुंचे। लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना हमारी जिम्मेदारी है।”
नगीना क्षेत्र में पंचायत समिति के दोबारा काम शुरू होने से जहां विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है, वहीं हबीब हवन के इन आरोपों के बाद स्थानीय राजनीति में एक बार फिर से हलचल तेज हो गई है।

About The Author
संबंधित समाचार



