Palwal News: सीएम विंडो से संबंधित कोई शिकायत नहीं रहे लंबित : उपायुक्त
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने सीएम विंडो पोर्टल पर लंबित शिकायतों बारे की समीक्षा
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि पलवल जिले में सीएम विंडो पोर्टल पर कोई भी शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सीएम विंडो एवं जनसंवाद पोर्टल पर प्राप्त सभी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
पलवल: उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि पलवल जिले में सीएम विंडो पोर्टल पर कोई भी शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सीएम विंडो एवं जनसंवाद पोर्टल पर प्राप्त सभी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को समय पर राहत मिल सके। साथ ही, शिकायत प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर उसका संज्ञान लेना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास होना चाहिए कि सीएम विंडो से संबंधित शिकायतों की पेंडेंसी शून्य रहे और आमजन को उनकी शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक समाधान मिले। इससे पहले शहरी स्थानीय निकाय विभाग हरियाणा के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से उपायुक्तों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त डा. छिल्लर ने शुक्रवार को जिला सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विभागवार लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के बाद निर्धारित पोर्टल पर एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) तुरंत अपडेट की जाए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर प्रतिदिन ग्रीवेंस पोर्टल की मॉनिटरिंग की जाएगी, जिससे राज्य स्तर पर जिले की रैंकिंग में सुधार हो सके। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान की गुणवत्ता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है, इसलिए एटीआर अपलोड करने से पूर्व एमिनेंट पर्सन को मूल्यांकन के लिए पर्याप्त समय दिया जाए।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं सीएम विंडो और जनसंवाद पोर्टल की निगरानी करते हैं तथा मुख्यालय स्तर पर भी शिकायतों की लगातार समीक्षा होती है। लंबित शिकायतें जिले की रैंकिंग को प्रभावित करती हैं, इसलिए किसी भी स्थिति में शिकायतें पेंडिंग नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, सीटीएम, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा, तहसीलदार दिनेश कुमार, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



