Gurugram News: गोल्फ कोर्स रोड हादसा, कल्याण बैंसला के भाई की कंटेंट क्रिएटर्स को चेतावनी, बोले मीडिया ट्रायल से परिवार परेशान
सिया की बाइक को टक्कर मारने के मामले में मनजीत बैंसला ने जारी किया बयान, जांच और न्यायपालिका पर जताया भरोसा; मानहानिकारक डिजिटल कंटेंट पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर सिया (शिवानी चौहान) को कार से टक्कर मारने के मामले में मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला के परिवार ने अब सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखी है
गुरुग्राम: गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर सिया (शिवानी चौहान) को कार से टक्कर मारने के मामले में मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला के परिवार ने अब सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखी है। कल्याण के छोटे भाई मनजीत बैंसला ने एक बयान जारी कर घटना पर दुख जताया और पीड़िता के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं और कथित मीडिया ट्रायल को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कंटेंट क्रिएटर्स को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

मनजीत का कहना है कि मामला फिलहाल एसआईटी की जांच के अधीन है और उन्हें जांच अधिकारियों तथा न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी और न्यायिक प्रक्रिया के तहत ही दोष तय होगा। हालांकि, उनके मुताबिक, बीते कुछ दिनों से उनके भाई, परिवार और समुदाय को लेकर लगातार चल रही चर्चाओं ने उन्हें मानसिक परेशानी और चिंता में डाल दिया है।

सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे आरोपों पर जताई आपत्ति:
मनजीत बैंसला ने अपने बयान में कहा कि विभिन्न समाचार चैनलों और यूट्यूबर्स की ओर से कल्याण को लेकर ऐसे टिप्पणियां और लेबल इस्तेमाल किए जा रहे हैं, जिन्हें वह मानहानिकारक मानते हैं। उनका आरोप है कि कुछ कंटेंट क्रिएटर्स घटना की जांच पूरी होने से पहले ही उनके भाई के चरित्र और भूमिका को लेकर आधारहीन तथा पूर्वाग्रहपूर्ण बातें प्रसारित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की जिम्मेदारी और दोष का निर्धारण करने के लिए जांच एजेंसियां और अदालतें मौजूद हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर चलने वाली एकतरफा चर्चाएं न केवल किसी की प्रतिष्ठा को प्रभावित कर सकती हैं, बल्कि कानूनी प्रक्रिया पर भी असर डालने की आशंका रहती है।
बोले कानूनी प्रक्रिया के बाद भी बनी रह सकती है गलत धारणा:
मनजीत के मुताबिक, लगातार प्रसारित हो रहा कथित मीडिया ट्रायल उनके भाई की सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी समाज में कल्याण को लेकर बनी धारणा लंबे समय तक कायम रह सकती है।
उन्होंने मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से अपील की कि कल्याण या घटना को लेकर राय आधारित और मानहानिकारक सामग्री प्रसारित करने से बचें। उनके अनुसार, जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है।
कंटेंट क्रिएटर्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी:
मनजीत बैंसला ने कहा कि उनका परिवार उन लोगों और संस्थाओं की गतिविधियों पर नजर रख रहा है, जो लगातार कल्याण और इस मामले से जुड़ा डिजिटल कंटेंट बना रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कथित मानहानिकारक सामग्री का प्रसारण जारी रहता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कदम उठाए जा सकते हैं।
13 सितंबर को गोल्फ कोर्स रोड पर हुई थी घटना:
गौरतलब है कि 13 सितंबर को गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर सिया उर्फ शिवानी चौहान की बाइक को एक कार ने टक्कर मार दी थी। सिया ने आरोप लगाया था कि कार चालक कल्याण बैंसला और उसके साथ मौजूद लोगों ने उनका पीछा किया। उनके मुताबिक, रुकने के इशारे को अनदेखा करने पर उनकी बाइक को जानबूझकर पीछे से टक्कर मारी गई।
वहीं, कल्याण की ओर से दावा किया गया कि बाइकर्स का समूह सड़क पर स्टंट कर रहा था और यह घटना एक हादसा थी। दोनों पक्षों के दावों के बीच पुलिस ने हेलमेट कैमरे से मिले वीडियो के आधार पर हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। पुलिस ने कल्याण और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार प्रसारित हो रहा है। इसी बीच कल्याण के भाई का बयान सामने आया है, जिसमें परिवार ने जांच पर भरोसा जताते हुए सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं और कथित मानहानिकारक कंटेंट पर आपत्ति दर्ज कराई है।

About The Author
संबंधित समाचार



