Chandigarh/Delhi : एशियन गेम्स में हरियाणा का परचम, खिलाड़ियों ने बढ़ाया देश का मान

खेल मंत्री गौरव गौतम ने पदक विजेता खिलाड़ियों को दी बधाई, कहा—हरियाणा की खेल प्रतिभा दुनिया में बना रही अलग पहचान

Desh Rojana
On

जापान में चल रहे एशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर हरियाणा सरकार के खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

चंडीगढ़/ दिल्ली। जापान में चल रहे एशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर हरियाणा सरकार के खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी अपनी मेहनत, प्रतिभा और जज्बे के दम पर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। खिलाड़ियों की इन उपलब्धियों से पूरे हरियाणा में उत्साह और गर्व का माहौल है। bbखेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा हमेशा से देश को बेहतरीन खिलाड़ी देने वाला प्रदेश रहा है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुश्ती, निशानेबाजी, हॉकी, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों में अपनी अलग पहचान बनाई है। एशियन गेम्स में भी हरियाणा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन प्रदेश की मजबूत खेल संस्कृति और खिलाड़ियों की मेहनत को दर्शाता है। रोहतक की सुचिका तारियाल ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) में भारत के लिए ऐतिहासिक कांस्य पदक हासिल किया। MMA के एशियन गेम्स में शामिल होने के बाद भारत का यह पहला पदक है। सुचिका ने अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल देश का मान बढ़ाया बल्कि हरियाणा की खेल प्रतिभा का भी परिचय दिया। खेल मंत्री गौरव गौतम ने सुचिका को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जींद के निशानेबाज हिमांशु ढिल्लों ने अपने जन्मदिन को देश के लिए यादगार बना दिया। हिमांशु ने निशानेबाजी में दो रजत पदक अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि पर खेल मंत्री ने कहा कि हिमांशु ने अपने शानदार प्रदर्शन से यह साबित कर दिया कि हरियाणा के युवा किसी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाने की क्षमता रखते हैं। जन्मदिन के अवसर पर दो पदक जीतना उनके लिए ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। हरियाणा की हॉकी खिलाड़ी दीपिका सहरावत ने भी एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। भारतीय महिला हॉकी टीम के मुकाबले में दीपिका ने अकेले 8 गोल दागे। उनके इस प्रदर्शन को भारतीय हॉकी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। खेल मंत्री गौरव गौतम ने दीपिका को भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरियाणा की बेटियां खेल के मैदान में लगातार नए मुकाम हासिल कर रही हैं। गौरव गौतम ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनके परिवार, प्रशिक्षकों और वर्षों की कड़ी मेहनत का महत्वपूर्ण योगदान है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और जरूरी संसाधन उपलब्ध करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि मिशन ओलंपिक 2036 के तहत हरियाणा में खेल प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। प्रदेश के गांवों से लेकर शहरों तक खेल का मजबूत वातावरण तैयार किया जा रहा है, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ी छोटी उम्र से ही सही प्रशिक्षण प्राप्त कर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें। खेल मंत्री ने कहा कि एशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों और परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में भी हरियाणा के खिलाड़ी देश के लिए और पदक जीतेंगे।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad