Nuh/Mewat News: तकरीबन चार करोड़ कीमत की दो किलो 125 ग्राम हेरोइन बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

नूंह पुलिस कप्तान डॉ. अर्पित जैन ने मीडिया को पत्रकार वार्ता में की जानकारी

Desh Rojana
On

नशा तस्करी के खिलाफ नूंह पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सीआईए तावडू की टीम ने रंगाला घाटी पर नाकाबंदी कर 2 किलो 125 ग्राम हेरोइन बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हेरोइन की बाजारी कीमत तकरीबन चार करोड़ 30 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।

नूंह/मेवात: नशा तस्करी के खिलाफ नूंह पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सीआईए तावडू की टीम ने रंगाला घाटी पर नाकाबंदी कर 2 किलो 125 ग्राम हेरोइन बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हेरोइन की बाजारी कीमत तकरीबन चार करोड़ 30 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पूछताछ का मुख्य फोकस हेरोइन की सप्लाई के स्रोत, बड़े सप्लायरों और आगे इसे खपाने वाले नेटवर्क तक पहुंचना है।  नूंह एसपी ने इसका नेटवर्क का पता लगाने के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया है।

WhatsApp Image 2026-09-22 at 10.49.19 AM
नूंह पुलिस कप्तान डॉ. अर्पित जैन ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि कार्रवाई सीआईए तावडू प्रभारी पीएसआई प्रदीप के नेतृत्व में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक वाहन के जरिए हेरोइन की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर रंगाला घाटी पर नाका लगाया गया। वाहनों की जांच के दौरान एक वाहन में रखी काले रंग की क्रेट से 2 किलो 125 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मामले में अरबाज पुत्र हमुद्दीन निवासी नानूका और सलीम पुत्र कमरुद्दीन निवासी खेड़ी, जिला खेरतल राजस्थान को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस को दो दिन का रिमांड मिला है।

नशे की पूरी चेन तोड़ने की तैयारी: एसपी डॉ. अर्पित जैन ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई केवल इन दो आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हेरोइन कहां से लाई गई, किससे ली गई और आगे किन लोगों को सप्लाई की जानी थी। उन्होंने बताया कि इस मामले में सीआईए और थाना पुलिस की दो टीमें आगे की जांच में जुटी हैं। जांच के दौरान जिन लोगों के नाम सामने आएंगे, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का लक्ष्य नशे की सप्लाई चेन की जड़ तक पहुंचकर ऊपर से नीचे तक जुड़े लोगों पर कार्रवाई करना है। एसपी ने कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद होने से यह स्पष्ट है कि इसके पीछे कई स्तरों पर जुड़े लोग हो सकते हैं। पुलिस छोटे स्तर पर नशा बेचने वालों के साथ-साथ बड़े सप्लायरों की भूमिका भी खंगाल रही है।

एनडीपीएस मामलों में दोगुने से ज्यादा बढ़ोतरी: एसपी के अनुसार पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष नूंह जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में दोगुने से भी अधिक बढ़ोतरी हुई है। उनके करीब पांच माह के कार्यकाल के दौरान लगभग 81 एनडीपीएस मुकदमे दर्ज हुए हैं और 125 से अधिक गिरफ्तारियां हुई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है और नशे की बिक्री या सप्लाई में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

मेडिकल नशे पर भी शिकंजा: एसपी ने कहा कि जिले में मेडिकल नशा भी पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। इसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही जिले के मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस जारी किए जाएंगे और सीसीटीवी कैमरे लगाने सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए जाएंगे। ड्रग विभाग को भी पत्र भेजकर यह सुनिश्चित करने के लिए कहा जाएगा कि केवल पंजीकृत मेडिकल स्टोर ही संचालित हों।

परिवारों से बच्चों पर नजर रखने की अपील: एसपी डॉ. अर्पित जैन ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की संगति और उनकी गतिविधियों पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस के साथ परिवार और समाज की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है। यदि किसी व्यक्ति के नशे के कारोबार में शामिल होने की जानकारी मिलती है तो पुलिस को इसकी सूचना दें। एसपी ने बताया कि जल्द ही पुलिस की ओर से एक व्हाट्सऐप नंबर भी शुरू किया जाएगा, जिस पर लोग नशा तस्करी, अवैध हथियार और अन्य अपराधों से जुड़ी सूचनाएं पुलिस तक पहुंचा सकेंगे।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad