Gurugram News: सिया हिट एंड रन केस, बैंसला और चचेरा भाई 2 दिन की रिमांड पर

पुलिस जांच में लवनीश पर अश्लील इशारे करने और आरोपी को उकसाने का आरोप, वारदात का घटनाक्रम समझने के लिए गोल्फ कोर्स रोड पर होगा सीन रीक्रिएशन; पिता बोले- पेशाब लगी थी तो कार रोक सकता था

Desh Rojana
On

गुरुग्राम-गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक सवार सिया को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना के वक्त कार में मौजूद कल्याण बैंसला के चचेरे भाई लवनीश ने कथित तौर पर सिया के प्रति अभद्र व्यवहार किया और कल्याण को उकसाया।

गुरुग्राम:  गुरुग्राम  गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक सवार सिया को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना के वक्त कार में मौजूद कल्याण बैंसला के चचेरे भाई लवनीश ने कथित तौर पर सिया के प्रति अभद्र व्यवहार किया और कल्याण को उकसाया। इसके बाद कार चला रहे कल्याण ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड हासिल की है।

WhatsApp Image 2026-09-18 at 11.56.57 AM (2)

जांच के दौरान घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस गोल्फ कोर्स रोड पर वारदात वाले स्थान पर दोनों आरोपियों के साथ क्राइम सीन रीक्रिएट करेगी। पुलिस ने सिया की स्पोर्ट्स बाइक को भी कब्जे में ले लिया है। बुधवार देर शाम बाइक को सेक्टर-56 थाने लाया गया। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल और टक्कर के हालात को समझने में बाइक का इस्तेमाल किया जाएगा।

चचेरे भाई पर अभद्रता और उकसाने का आरोप: पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना के समय लवनीश कार की पैसेंजर सीट पर बैठा था। आरोप है कि उसने सिया को देखकर अश्लील इशारे किए और कल्याण को लगातार उकसाता रहा। जब बाइक सवारों ने कार में सवार लोगों को रोककर समझाने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान कल्याण ने कार की रफ्तार बढ़ाई और सिया की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। जांच अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि घटना से पहले कार और बाइक सवारों के बीच क्या हुआ था और टक्कर किन परिस्थितियों में मारी गई।

महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों की एसीपी करेंगी जांच: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त शिवास कविराज के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। इसकी अगुवाई एसीपी सीएडब्ल्यू (क्राइम अगेंस्ट वीमेन) सुशीला देवी करेंगी। एसआईटी में सेक्टर-56 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज यादव, सीआईए सोहना प्रभारी एसआई विनय और दो एएसआई को शामिल किया गया है। टीम मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों और आरोपों की जांच करेगी।

चेहरा ढककर अदालत पहुंचे दोनों आरोपी: पुलिस कल्याण बैंसला और लवनीश को सुरक्षा घेरे में अदालत लेकर पहुंची। दोनों आरोपियों ने कपड़े से अपना चेहरा ढक रखा था। पुलिस के मुताबिक, मामले की संवेदनशीलता और आगामी शिनाख्त परेड की गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई। अदालत ने दोनों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। इस दौरान पुलिस उनसे पूछताछ कर वारदात के घटनाक्रम, कार के रूट और टक्कर से पहले की परिस्थितियों की जानकारी जुटाएगी।

सीसीटीवी और एक्शन कैमरे की रिकॉर्डिंग भी जांच में शामिल: पुलिस गोल्फ कोर्स रोड पर टक्कर वाले स्थान का निरीक्षण कर घटनाक्रम का रूट मैप तैयार कर रही है। जांच में सीसीटीवी फुटेज और एक्शन कैमरे से मिली रिकॉर्डिंग को भी शामिल किया जाएगा। सीन रीक्रिएशन के दौरान पुलिस यह समझने का प्रयास करेगी कि कार किस दिशा से आई, बाइक की स्थिति क्या थी और टक्कर किस तरह हुई। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा। मामले में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

 पिता बोले- वॉशरूम जाना था तो कार रोक सकते थे: सिया के पिता रोशन चौहान ने आरोपी कल्याण बैंसला के उस बयान पर सवाल उठाए हैं, जिसमें उसने पेशाब आने के कारण कार तेज चलाने की बात कही थी। रोशन चौहान ने कहा कि यदि आरोपी को वॉशरूम जाने की जरूरत थी तो वह गाड़ी की रफ्तार कम कर सकता था या उसे रोक सकता था। उन्होंने कहा कि उपलब्ध वीडियो में कार से बाइक को टक्कर मारते हुए देखा जा सकता है। उनके मुताबिक, टक्कर के बाद भी चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और वहां से चला गया। पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को जानबूझकर निशाना बनाया गया और यह केवल जल्दबाजी या सड़क पर हुए विवाद का मामला नहीं है।

 सिया बोलीं- सख्त कार्रवाई हो, कार में मौजूद अन्य लोगों पर भी हो कार्रवाई: बुधवार को अदालत में पेशी के बाद सिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने घटना से जुड़ी पूरी जानकारी अदालत में दी है। उनके अनुसार, टक्कर इतनी गंभीर थी कि उनकी जान भी जा सकती थी। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। सिया ने कहा कि कार में दो अन्य लोग भी मौजूद थे और घटना के दौरान कोई भी उनकी मदद के लिए नीचे नहीं उतरा। उन्होंने उन लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। सिया ने बताया कि हादसे में उनके घुटनों में चोट आई है और उन्होंने एक्स-रे करवाया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी मामले में आगे की कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पीछा करने और अश्लील इशारे करने की धाराएं भी जोड़ीं: डीसीपी ईस्ट संदीप कुमार के अनुसार, शिकायतकर्ता ने कार में सवार लोगों की ओर से टिप्पणी किए जाने की बात कही थी। जांच के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 78 (पीछा करना) और धारा 79 (महिला की गरिमा का अपमान करने के इरादे से शब्द, इशारे या कृत्य) भी जोड़ी गई हैं। इसके अलावा धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास का आरोप भी शामिल किया गया है।

डीसीपी के मुताबिक, सिया ने सुरक्षा उपकरण पहने हुए थे, जिससे उनकी जान बच सकी। घटना के बाद आरोपी अपने घर पर था और वीडियो वायरल होने के बाद उसने मीडिया को इंटरव्यू भी दिया था। पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिलने पर उसके वहां से चले जाने की बात भी सामने आई है।

 गांव में प्रस्तावित पंचायत स्थगित: मामले को लेकर कल्याण बैंसला के गांव टीकरी गुर्जर में 18 सितंबर को प्रस्तावित पंचायत को स्थगित कर दिया गया है। बीजेपी नेता संजय गुर्जर से बातचीत के बाद परिवार ने यह निर्णय लिया। पुलिस जांच जारी रहने के बीच पंचायत स्थगित किए जाने का फैसला सामने आया है।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad