Nuh Mewat News: नूंह के पशुपालकों को बड़ी सौगात: संगेल में शुरू हुआ जिले का पहला आधुनिक पशु ऑपरेशन थियेटर
उपायुक्त अखिल पिलानी ने किया उद्घाटन, घायल व गंभीर रूप से बीमार पशुओं को मिलेगा उच्च स्तरीय उपचार
नूंह जिले के पशु चिकित्सा क्षेत्र और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। गांव संगेल स्थित पशु क्रूरता निवारण समिति (एसपीसीए) की इन्फर्मरी एवं गौशाला परिसर में जिले के पहले अत्याधुनिक पशु ऑपरेशन थियेटर का उद्घाटन उपायुक्त एवं जिला पशु क्रूरता निवारण समिति (एसपीसीए) के चेयरमैन अखिल पिलानी ने किया।
नूंह: नूंह जिले के पशु चिकित्सा क्षेत्र और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। गांव संगेल स्थित पशु क्रूरता निवारण समिति (एसपीसीए) की इन्फर्मरी एवं गौशाला परिसर में जिले के पहले अत्याधुनिक पशु ऑपरेशन थियेटर का उद्घाटन उपायुक्त एवं जिला पशु क्रूरता निवारण समिति (एसपीसीए) के चेयरमैन अखिल पिलानी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सुविधा जिले के पशुपालकों और पशुधन के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि नीति आयोग के आकांक्षी जिला नूंह में लगभग 3.11 लाख पशुधन है, जिसमें मुख्य रूप से गौवंश और छोटे जुगाली करने वाले पशु शामिल हैं। जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था काफी हद तक पशुपालन पर आधारित है और हजारों छोटे एवं सीमांत किसान अपनी आजीविका के लिए पशुधन पर निर्भर हैं। ऐसे में पशुओं के लिए आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि पशुधन में जिले की आर्थिक प्रगति और रोजगार सृजन की अपार संभावनाएं हैं। इसी सोच के तहत संगेल में आधुनिक पशु ऑपरेशन थियेटर स्थापित किया गया है। इस सुविधा के माध्यम से दुर्घटनाग्रस्त पशुओं, जटिल प्रसव के मामलों तथा गंभीर बीमारियों से ग्रस्त पशुओं का समय पर शल्य उपचार संभव हो सकेगा। इससे पशुओं की मृत्यु दर में कमी आएगी तथा पशुपालकों को होने वाले आर्थिक नुकसान को भी कम किया जा सकेगा।
उपायुक्त ने बताया कि उद्घाटन के दिन ही तीन पशुओं की सफल सर्जरी की गई, जिससे इस सुविधा की उपयोगिता और आवश्यकता स्पष्ट होती है। अब जिले के पशुओं को बेहतर उपचार के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि पशु क्रूरता निवारण समिति (एसपीसीए) जिले में पशु कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। समिति की नियमित बैठकों और प्रयासों के परिणामस्वरूप यह महत्वपूर्ण परियोजना साकार हो सकी है। उन्होंने समिति के अध्यक्ष दिनेश नागपाल, गौशाला प्रबंधन समिति, पशुपालन विभाग तथा स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग की सराहना करते हुए सभी को बधाई दी।
इस अवसर पर उपनिदेशक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. वीरेंद्र सहरावत ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उपायुक्त के मार्गदर्शन में पशुपालकों की आय बढ़ाने और पशुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मेवात विकास अभिकरण के माध्यम से कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इनमें फिरोजपुर झिरका में पशुपालक प्रशिक्षण केंद्र, तावडू ब्लॉक में छोटे पशुओं के लिए शल्य चिकित्सा केंद्र तथा अन्य विकास कार्य शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि नूंह जिले में पहले आधुनिक पशु ऑपरेशन थियेटर की स्थापना पशु कल्याण, पशुधन संरक्षण और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी एवं महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इससे जिले के पशुपालकों को आधुनिक पशु चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्राप्त होगी।
समारोह में पशु क्रूरता निवारण समिति के अध्यक्ष दिनेश नागपाल, जगदीश सिंह, डॉ. योगेंद्र सांगवान, डॉ. सतीश कुमार, डॉ. त्रिपुरारी दुबे, डॉ. रामबीर, डॉ. इस्लाम, डॉ. हरेंद्र, अनिल कुमार, सोहेल, कृष्ण, रिजवान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, पशु चिकित्सक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



