Nuh/Mewat News: उपायुक्त अखिल पिलानी के आदेश पर पनीर निर्माण इकाइयों पर संयुक्त छापेमारी
अस्वच्छ स्थिति में रखा मिला पनीर, खाद्य सुरक्षा एवं प्रदूषण मानकों के उल्लंघन पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
उपायुक्त अखिल पिलानी के आदेशों की अनुपालना में खाद्य सुरक्षा विभाग, नूंह द्वारा जिले में संचालित पनीर निर्माण इकाइयों के विरुद्ध विशेष जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया गया।
नूंह: उपायुक्त अखिल पिलानी के आदेशों की अनुपालना में खाद्य सुरक्षा विभाग, नूंह द्वारा जिले में संचालित पनीर निर्माण इकाइयों के विरुद्ध विशेष जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया गया। यह संयुक्त कार्रवाई एसडीएम पुन्हाना अमित कुमार गुलिया की उपस्थिति में ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार पुन्हाना, डीएसपी पुन्हाना के नेतृत्व में पुलिस बल तथा हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम के सहयोग से की गई। अभियान के दौरान ग्राम गौधोला, तहसील पुन्हाना क्षेत्र में गुरुग्राम नहर के निकट स्थित तीन पनीर निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान इन इकाइयों में करीब 7,600 किलोग्राम पनीर पाया गया, जो अत्यंत अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में गंदे एवं अस्वच्छ कंटेनरों तथा प्लेटफॉर्म पर रखा हुआ मिला। जनस्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस पनीर को मौके पर गड्ढा खोदकर नष्ट कर दिया गया, ताकि इसे दोबारा खाद्य श्रृंखला में शामिल न किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान तीनों परिसर खुले एवं संचालित पाए गए, हालांकि मौके पर किसी भी इकाई का मालिक, प्रबंधक अथवा खाद्य व्यवसाय संचालक उपस्थित नहीं मिला। परिसरों में स्वच्छता की स्थिति अत्यंत खराब पाई गई। तलाशी के दौरान खाद्य सामग्री के साथ फैब्रिक व्हाइटनर, औद्योगिक ग्रेड ब्लीचिंग एजेंट, रिफाइंड पाम ऑयल, सोयाबीन तथा पोस्टर व्हाइट कलर जैसी सामग्री भी मौके पर पाई गई। इसके अतिरिक्त ग्राम नई में स्थित एक अन्य पनीर निर्माण इकाई का भी निरीक्षण किया गया।
खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जाएंगे:
अभियान के दौरान संबंधित सभी पनीर निर्माण इकाइयों से खाद्य पदार्थों के नमूने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार एकत्र किए गए हैं। सभी नमूनों को नियमानुसार पैक, सील एवं लेबल किया गया है तथा इन्हें प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम तथा अन्य लागू प्रावधानों के तहत नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रदूषण नियंत्रण मानकों के उल्लंघन का मामला भी सामने आया:
निरीक्षण के दौरान संबंधित पनीर निर्माण इकाइयों द्वारा प्रदूषण नियंत्रण संबंधी प्रावधानों के उल्लंघन का मामला भी सामने आया। जांच के दौरान फैक्ट्रियों से निकलने वाले अपशिष्ट एवं गंदे पानी को नहर में छोड़े जाने की स्थिति पाई गई। इससे जल प्रदूषण एवं पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव की आशंका को देखते हुए हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम द्वारा मौके पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की आगे जांच की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा खाद्य सुरक्षा, जनस्वास्थ्य एवं पर्यावरणीय मानकों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जा रहा है। उपायुक्त अखिल पिलानी ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य तथा पर्यावरण की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। असुरक्षित एवं अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों के निर्माण अथवा भंडारण तथा पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के विरुद्ध संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त रूप से नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author
संबंधित समाचार



