Faridabad News: फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 में जिले के अधिक से अधिक खिलाड़ी लेंगे उत्साहपूर्वक भाग, डीसी आयुष सिन्हा
‘हरियाणा उदय’ के अंतर्गत आयोजित हाफ मैराथन से जन-जन तक पहुंचेगा ‘नशामुक्त हरियाणा’ का संदेश
उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने कहा कि आगामी 27 सितंबर को ‘हरियाणा उदय’ के अंतर्गत सूरजकुंड मेला ग्राउंड में आयोजित होने वाली फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 में जिले के अधिक से अधिक खिलाड़ी उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं को नशे से दूर रखने, फिटनेस के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
फरीदाबाद: उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने कहा कि आगामी 27 सितंबर को ‘हरियाणा उदय’ के अंतर्गत सूरजकुंड मेला ग्राउंड में आयोजित होने वाली फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 में जिले के अधिक से अधिक खिलाड़ी उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं को नशे से दूर रखने, फिटनेस के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि जिले के खेल विभाग, एथलीटों, सरपंचों, जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ), जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (डीईईओ), खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ), निजी स्कूलों तथा विभिन्न खेल एसोसिएशनों के सहयोग से खिलाड़ियों, विद्यार्थियों एवं युवाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण अभियान है। हरियाणा सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रम ‘हरियाणा उदय’ के अंतर्गत आयोजित इस मैराथन का उद्देश्य फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ-साथ ‘नशामुक्त हरियाणा’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि युवाओं की बड़ी भागीदारी इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाएगी।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि फरीदाबाद हाफ मैराथॉन का फ्लैग ऑफ हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा किया जाएगा। आयोजन में 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथॉन, 10 किलोमीटर टाइम्ड रन और 5 किलोमीटर फन रन की श्रेणियां रखी गई हैं। 21.1 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की दौड़ अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मापे गए कोर्स पर आयोजित होगी तथा प्रतिभागियों के समय का निर्धारण RFID चिप के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मैराथॉन में कुल 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है तथा विभिन्न आयु वर्गों एवं विशेष श्रेणियों में भी प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों को टी-शर्ट, रिफ्रेशमेंट तथा प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन खिलाड़ियों को बसों के माध्यम से लाया जाना है, उनके लिए एकत्रीकरण स्थल, रिपोर्टिंग समय एवं परिवहन व्यवस्था पहले से निर्धारित की जाए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को सुबह लगभग 5:30 से 6 बजे के बीच सूरजकुंड मेला ग्राउंड पहुंचाने का लक्ष्य रखा जाए, ताकि वे समय पर आयोजन में शामिल हो सकें। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन का उद्देश्य केवल दौड़ आयोजित करना नहीं, बल्कि जिले में फिटनेस और नशामुक्ति का सकारात्मक संदेश पहुंचाना भी है।
समीक्षा बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, सीईओ जिला परिषद शिखा, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल सहित अन्य सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



