Gurugram News: प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर गुरुग्राम में भाजपा का ‘बूथ प्लान’, घर-घर जलेगा आशीर्वाद का दीया
जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी की अध्यक्षता में संगठनात्मक बैठक, 17 सितंबर को ‘गुरु कमल’ में हवन; बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर गुरुग्राम भाजपा ने जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक कार्यक्रमों की तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय ‘गुरु कमल’ में जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी की अध्यक्षता में हुई संगठनात्मक बैठक में 17 सितंबर के कार्यक्रमों के साथ संगठन को बूथ स्तर पर और सक्रिय करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
गुरुग्राम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर गुरुग्राम भाजपा ने जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक कार्यक्रमों की तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय ‘गुरु कमल’ में जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी की अध्यक्षता में हुई संगठनात्मक बैठक में 17 सितंबर के कार्यक्रमों के साथ संगठन को बूथ स्तर पर और सक्रिय करने की रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक में जिला पदाधिकारियों के अलावा विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष तथा विभागों और प्रकोष्ठों के संयोजक मौजूद रहे। पार्टी की ओर से 17 सितंबर को सुबह 10 बजे ‘गुरु कमल’ में हवन का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा संकल्प अभियान के तहत जनसेवा गतिविधियों के साथ मनाने का आह्वान किया गया।
बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की कवायद: बैठक में सर्वप्रिय त्यागी ने मंडल और बूथ अध्यक्षों से कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क और संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आपसी समन्वय पर निर्भर करती है। गुरुग्राम में वार्ड और बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने पर पार्टी का विशेष जोर दिखाई दिया। पदाधिकारियों को आगामी कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया।
घर-घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’: प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपा की ओर से ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अपने घरों और बूथ स्तर पर दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा, केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा सेवा गतिविधियों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का भी आह्वान किया। बैठक में जिला महामंत्री अजीत यादव, मनीष सैदपुर सहित जिला पदाधिकारी, मोर्चों के जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, विभाग एवं प्रकोष्ठों के संयोजक तथा पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।




