Nuh/Mewat News: खेलो मेवात अभियान के तहत 32 ग्राम पंचायतों को वितरित की गई खेल सामग्री
युवाओं को खेलों से जोड़कर नशामुक्त और स्वस्थ समाज का निर्माण हमारा लक्ष्य : अखिल पिलानी
उपायुक्त एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मेवात विकास अभिकरण (एमडीए) अखिल पिलानी ने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य को साकार करने के लिए खेलो मेवात अभियान के तहत मेवात विकास अभिकरण (एमडीए) द्वारा जिले की ग्राम पंचायतों को खेल सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
नूंह: उपायुक्त एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मेवात विकास अभिकरण (एमडीए) अखिल पिलानी ने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य को साकार करने के लिए खेलो मेवात अभियान के तहत मेवात विकास अभिकरण (एमडीए) द्वारा जिले की ग्राम पंचायतों को खेल सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। अखिल पिलानी वीरवार को आयोजित खेल सामग्री वितरण कार्यक्रम में उपस्थित सरपंचों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों की मांग के आधार पर क्रिकेट, वॉलीबॉल और फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों के उपकरण खरीदे गए हैं। अभियान के प्रथम चरण में जिले की 32 ग्राम पंचायतों को लगभग 15 लाख रुपये मूल्य की खेल सामग्री वितरित की गई है। पंचायतों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप क्रिकेट किट, वॉलीबॉल किट तथा अन्य खेल उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे गांव स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
अखिल पिलानी ने कहा कि मेवात क्षेत्र के युवाओं में क्रिकेट और वॉलीबॉल के प्रति विशेष उत्साह देखा जाता है। इस रुचि को ध्यान में रखते हुए उन्हें बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि वे खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखार सकें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उपायुक्त ने बताया कि इस योजना का विस्तार करते हुए शीघ्र ही जिले के सभी स्कूलों में भी वॉलीबॉल और फुटबॉल की खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए आवश्यक सामान का ऑर्डर दिया जा चुका है और सामग्री प्राप्त होते ही वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में वॉलीबॉल के पूर्ण सेट भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे बच्चों और युवाओं को खेल अभ्यास के लिए बड़े मैदानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। गांवों में ही बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से अधिक से अधिक युवा खेल गतिविधियों में भाग ले सकेंगे।
अखिल पिलानी ने कहा कि खेलो मेवात अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को मजबूत करना, युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनाना है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और स्कूल प्रबंधन समितियों से खेल सामग्री का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने तथा अधिकाधिक बच्चों को खेलों से जोड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर विभिन्न पंचायत के जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



