Himachal Pradesh: हिमाचल से कोलकाता तक सीधे रेल सफर की ऐतिहासिक शुरुआत
अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन से गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को हरी झंडी मिलते ही हिमाचल प्रदेश और पूर्वी भारत के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया। यह ट्रेन क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी करते हुए यात्रियों, तीर्थयात्रियों और व्यापार को नई रफ्तार देगी।
हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश के लिए आज का दिन रेल इतिहास में खास बन गया है। पहाड़ों से लेकर पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत तक अब सफर और भी आसान हो गया है। ऊना जिले के अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन से कोलकाता के लिए गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को हरी झंडी मिलते ही हिमाचल और पूर्वी भारत के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया है।
शनिवार को इस ऐतिहासिक ट्रेन को हमीरपुर से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन से रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह ट्रेन क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने वाली साबित होगी और रोजगार, व्यापार व तीर्थ यात्रा-तीनों के लिए नई राह खोलेगी। कार्यक्रम में ऊना और आसपास के क्षेत्रों के कई जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता भी मौजूद रहे।
गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस नंबर 12326 हर शनिवार सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर अंब-अंदौरा से रवाना होकर अगले दिन रविवार दोपहर 2 बजकर 50 मिनट पर कोलकाता पहुंचेगी। वहीं ट्रेन नंबर 12325 हर गुरुवार सुबह 7 बजकर 40 मिनट पर कोलकाता से चलकर शुक्रवार शाम 5 बजकर 10 मिनट पर अंब-अंदौरा पहुंचेगी। यह ट्रेन कुल 18 स्टेशनों पर ठहराव करेगी और करीब 1848 किलोमीटर की दूरी लगभग 32 घंटे 40 मिनट में तय करेगी।
इस साप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेन से यात्रियों को न सिर्फ लखनऊ, वाराणसी, पटना और कोलकाता जैसे बड़े शहरों तक सीधी सुविधा मिलेगी, बल्कि तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब और गंगा सागर जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा भी अब कहीं ज्यादा सुगम हो जाएगी। किराए की बात करें तो एसी टू टियर के लिए 2880 रुपये, एसी थ्री टियर के लिए 2025 रुपये, एसी थ्री इकोनॉमी के लिए 1915 रुपये और स्लीपर क्लास के लिए 800 रुपये तय किए गए हैं।
गौर करने वाली बात यह है कि नंगल डैम से अंब-अंदौरा तक ट्रेन विस्तार की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी, और अब जाकर यह मांग पूरी हुई है। साफ है-यह ट्रेन सिर्फ पटरियों पर दौड़ती गाड़ी नहीं, बल्कि हिमाचल के विकास, कनेक्टिविटी और संभावनाओं को नई रफ्तार देने वाली एक बड़ी सौगात है।

About The Author
संबंधित समाचार



