Faridabad News : तालाब की सफाई कर मिसाल कायम कर रहे युवक, 17 दिन से कर रहे प्रयास
निगम पार्षद व प्रशासन नहीं कर रहा सहयोग, गंदा पानी रोकने की अपील
गांव बड़ौली निवासी अंकित चंदीला व हल्लू चंदीला ने स्वच्छता की दिशा में एक मिसाल कायम की है। निगम पार्षद व प्रशासन से बार-बार शिकायत के बावजूद भी सुनवाई न होने पर युवकों ने खुद ही मंदिर के तालाब की सफाई का बीड़ा उठा लिया।
गांव बड़ौली निवासी अंकित चंदीला व हल्लू चंदीला ने स्वच्छता की दिशा में एक मिसाल कायम की है। निगम पार्षद व प्रशासन से बार-बार शिकायत के बावजूद भी सुनवाई न होने पर युवकों ने खुद ही मंदिर के तालाब की सफाई का बीड़ा उठा लिया। 

तालाब जलकुंभी से लबालब है और दोनों युवक पिछले 17 दिन से तालाब की सफाई कर रहे हैं। फिलहाल युवकों ने जोहड़ के चारों तरफ हुई जलकुंभी, गंदगी व झाड़ियों को साफ कर दिया। अब पानी के अंदर हुई जलकुंभी को हटाने को लेकर दोनों युवक जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं। बता दें कि गांव बड़ौली में बाग वाले मंदिर की अपनी तालाब है, जिसकी मान्यता है कि इसमें स्नान करने से चर्म रोग सहित अन्य रोगों में लाभ मिलता है। पुराने समय से ही तालाब को पवित्र माना जाता है, परंतु समय के साथ हुए परिवर्तन ने तालाब की तस्वीर को बदलकर ही रख दिया। गांव के अन्य जोहड़ पर हुए कब्जे के बाद घरों के गंदे पानी को बाग वाले मंदिर के तालाब में डाल दिया, जिससे तालाब की पवित्रता भंग हो गई। अब इस तालाब में गंदा पानी है और कोई इसमें स्नान नहीं कर दिया। तालाब को जलकुंभी ने घेर दिया, जिससे तालाब में प्रवेश करना भी मुश्किल है। तालाब की इस दुर्दशा को लेकर मंदिर का ध्यान रखने वाले स्व. नत्थी सिंह चंदीला के परिवार ने कई बार आवाज उठाई, परंतु कोई सुनवाई नहीं। अब उनके पौत्र अंकित चंदीला ने अपने साथी हल्लू चंदीला के साथ तालाब की सफाई करने का निर्णय लिया है। दोनों युवक सुबह जल्दी उठकर तालाब की सफाई में लग जाते है। सुबह करीब चार घंटे तक तालाब की सफाई करते हैं, उसके बाद शाम को सफाई करते हैं। दोनों युवकों की मेहनत को ग्रामीण सराह तो रहे हैं, परंतु उनकी मदद करने के लिए कोई आगे नहीं आ रहा है। निगम पार्षद भी कोई सहायता करने को तैयार नहीं है। अंकित चंदीला ने बताया कि तालाब में सीवर व नालियों का गंदा पानी गिरने से इसकी पवित्रता भंग हो गई है। पहले लोगों इसमें स्नान कर रोगों से छुटकारा पाते थे। बार-बार पार्षद से तालाब की सफाई की गुहार लगाई गई है, परंतु कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अब हम सफाई में लगे हुए हैं, परंतु गंदे पानी को तालाब में गिरने से रोका नहीं जा रहा है। पार्षद व प्रशासन से अपील है कि तालाब में गंदा पानी डालने से रोका जाए, ताकि इसकी पवित्रता बरकरार रखी जा सके।

About The Author
संबंधित समाचार



