Gurugram News: गुरुग्राम में सीएम सैनी ने कार्यकर्ताओं के साथ सुनी ‘मन की बात’, पौधारोपण कर दिया स्वच्छता का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण का रविवार को गुरुग्राम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक श्रवण किया। सेक्टर-48 स्थित जीएनएच कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद रहे।
गुरुग्राम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण का रविवार को गुरुग्राम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक श्रवण किया। सेक्टर-48 स्थित जीएनएच कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने विभिन्न राष्ट्रीय और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक के दस वर्ष पूरे होने के संदर्भ में आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति और सुरक्षा बलों की भूमिका का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने जनगणना में नागरिकों की भागीदारी को राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए लोगों से सक्रिय सहभागिता की अपील की।
स्वच्छता और नशा-मुक्ति का संदेश:
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने आगामी गांधी जयंती के संदर्भ में स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और नशा-मुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी करने का संदेश दिया। इसके अलावा युवाओं की प्रतिभा और देश के विभिन्न हिस्सों में जनभागीदारी से किए जा रहे सकारात्मक कार्यों का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत पौधारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित लोगों से जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया।
सीएम बोले- स्थानीय स्तर पर हो संदेश पर चर्चा:
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से सामाजिक, राष्ट्रीय और जनभागीदारी से जुड़े विषयों पर संवाद होता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, नशा-मुक्ति और नागरिक कर्तव्यों जैसे विषयों में समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। बूथ स्तर पर कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण कार्यकर्ताओं को इन विषयों पर स्थानीय स्तर पर संवाद का अवसर देता है।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, मेयर राजरानी मल्होत्रा, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, पटौदी विधायक विमला चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, जिला महामंत्री अजीत यादव व मनीष सैदपुर, ‘मन की बात’ जिला संयोजक अजय दुआ, टिकली मंडल अध्यक्ष श्रवण राघव और कार्यक्रम संयोजक एवं पार्षद कुलदीप यादव सहित पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के अलग-अलग क्षेत्रों में सकारात्मक कार्य कर रहे लोगों के प्रयासों को सामने लाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ाने की अपील की।

About The Author
संबंधित समाचार



