Gurugram News: एसआईआर पर सियासत गरमाई, सीएम सैनी बोले- कांग्रेस कर रही झूठ फैलाने का काम
चुनाव आयोग पर लगे आरोपों को बताया गलत, राहुल गांधी पर साधा निशाना, बोले- विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं
एसआईआर और चुनाव आयोग को लेकर चल रही सियासी बयानबाजी के बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को गुरुग्राम में प्रेसवार्ता कर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि आयोग के ताजा सर्वसम्मत बयान के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है। विपक्ष देश को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है, जबकि जनता सब देख रही है।
गुरुग्राम: एसआईआर और चुनाव आयोग को लेकर चल रही सियासी बयानबाजी के बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को गुरुग्राम में प्रेसवार्ता कर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि आयोग के ताजा सर्वसम्मत बयान के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है। विपक्ष देश को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है, जबकि जनता सब देख रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष अपनी भूमिका सही तरीके से नहीं निभा रहा है। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा और विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। इसी कारण बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता इसका जवाब देगी।
आयोग के बयान के बाद माफी मांगे कांग्रेस:
सीएम सैनी ने कहा कि चुनाव आयोग के सर्वसम्मत बयान के बाद कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी संवैधानिक संस्था पर आरोप लगाने से पहले विपक्ष को तथ्यों के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। केवल आरोप लगाना और भ्रम पैदा करना विपक्ष की भूमिका नहीं हो सकती।
2029 में विपक्ष साफ होने का दावा:
मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल आलोचना करना ही विपक्ष का काम रह गया है क्या। उन्होंने दावा किया कि 2029 में कांग्रेस सहित पूरा विपक्ष साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की वजह से पूरी दुनिया में देश का मान बढ़ा है और यही बात विपक्ष को नहीं पच रही है।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना:
सैनी ने कांग्रेस पर गरीबों को और गरीब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब से भी कांग्रेस गायब होगी और विपक्ष का लक्ष्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देना भर रह गया है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी को पंडित जी को बुलाकर बुद्धि-शुद्धि के लिए हवन कराना चाहिए। उन्होंने विपक्ष की भूमिका पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “थूको, चाटो और भागो” जैसी स्थिति रह गई है। मुख्यमंत्री के इन बयानों के साथ एसआईआर और चुनाव आयोग को लेकर चल रहा सियासी विवाद और तीखा हो गया है।

About The Author
संबंधित समाचार



