Gurugram News: मामा के साथ आइसक्रीम खाने निकले तीन वर्षीय बच्चे की सड़क हादसे में मौत
नींद की झपकी आने से डिवाइडर से टकराई कार; आगे की सीट पर बैठा था मासूम, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
पालम विहार थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात मामा के साथ आइसक्रीम खाने निकले तीन वर्षीय बच्चे की सड़क हादसे में मौत हो गई। सेक्टर-21 मार्केट के पास कार चालक को नींद की झपकी आने के बाद कार सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में आगे की सीट पर बैठे बच्चे के सिर में गंभीर चोट लगी। उसे तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
गुरुग्राम: पालम विहार थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात मामा के साथ आइसक्रीम खाने निकले तीन वर्षीय बच्चे की सड़क हादसे में मौत हो गई। सेक्टर-21 मार्केट के पास कार चालक को नींद की झपकी आने के बाद कार सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में आगे की सीट पर बैठे बच्चे के सिर में गंभीर चोट लगी। उसे तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मूल रूप से बिहार के शिवहर जिले के निवासी सद्दाम खान परिवार के साथ मोलाहेड़ा में किराये पर रहते हैं और राजमिस्त्री का काम करते हैं। उनका साला सरफराज खान भी उनके साथ रहता है और गुरुग्राम में टैक्सी चलाता है। सद्दाम के मुताबिक, सरफराज शनिवार रात करीब ढाई बजे काम से घर लौटा था। उस समय उनका तीन वर्षीय बेटा चांद बाबू जाग रहा था।
आइसक्रीम खाने की जिद पर साथ ले गया मामा:
परिजनों के अनुसार, चांद बाबू ने अपने मामा सरफराज से आइसक्रीम खाने की जिद की। इसके बाद सरफराज उसे कार से सेक्टर-22 के पास आइसक्रीम खिलाने ले गया। वापस लौटते समय सेक्टर-21 मार्केट के पास सरफराज को नींद की झपकी आ गई। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद बच्चे को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस:
पालम विहार थाना पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। परिवार ने घटना को हादसा बताया है।

About The Author
संबंधित समाचार



