Rewari News: देह व्यापार को लेकर दो होटलों पर छापेमारी मामला
देह व्यापार कराने के मामले में 4 आरोपियों की गिरफ्तारी
जिले में अवैध और अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के आदेश पर एएसपी दीपिका अग्रवाल के नेतृत्व में थाना मॉडल टाउन और थाना रामपुरा पुलिस की टीमों ने गत दिवस दो होटलों में छापेमारी कर देह व्यापार के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है।
रेवाड़ी: जिले में अवैध और अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के आदेश पर एएसपी दीपिका अग्रवाल के नेतृत्व में थाना मॉडल टाउन और थाना रामपुरा पुलिस की टीमों ने गत दिवस दो होटलों में छापेमारी कर देह व्यापार के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6 महिलाओं को मुक्त कराकर 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

डीएसपी मुख्यालय संजीव बल्हारा ने बताया कि कुछ दिनों से पुलिस को शहर के कुछ होटलों में देह व्यापार किए जाने की गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं। इन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए अलग-अलग टीमें गठित कर बोगस ग्राहक भेजकर इन ठिकानों पर छापेमारी की गई। पहले मामले में थाना रामपुरा पुलिस की टीम ने रेवाड़ी के एसआरबी होटल में देह व्यापार की सूचना पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने मौके से 4 महिलाओं को बरामद कर मुक्त कराया। पुलिस ने होटल मालिक, मैनेजर और ग्राहकों को लाने वाले एजेंट सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव कांडवास निवासी राजू उर्फ बंटी, सुंदर उर्फ सैम और रोहित कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना मॉडल टाउन, रेवाड़ी में देह व्यापार अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दूसरे मामले में थाना मॉडल टाउन पुलिस की टीम ने बिठवाना बस स्टॉप के पास रॉकलैंड होटल में बोगस ग्राहक के जरिए छापेमारी की। यहां से मौके से पुलिस ने 2 महिलाओं को मुक्त कराया। पुलिस ने इस मामले में संलिप्त एक आरोपी सुनील निवासी गांव बुढ़पुर को गिरफ्तार किया है। इस साथ ही होटल मालिक और मैनेजर के खिलाफ भी थाना मॉडल टाउन में मामला दर्ज किया गया है। फरार होटल मालिक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने जिले भर के होटल संचालकों और अपराधियों को लेकर स्पष्ट किया कि रेवाड़ी जिले में देह व्यापार जैसे अवैध और अनैतिक कार्यों पर पुलिस की 'जीरो टॉलरेंस' नीति अपना रही है। इस घिनौने धंधे में लिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यदि कोई भी होटल, गेस्ट हाउस या व्यक्ति ऐसे अनैतिक कार्यों में संलिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और संपत्तियों को सील करने की प्रक्रिया भी अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी पुलिस आमजन से भी अपील करती है कि अगर उनके आस-पास ऐसी किसी भी अवैध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्ण रूप से गुप्त रखी जाएगी।




