Hansi News: केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने हांसी से भरी एकजुटता की हुंकार

बोले- एकजुटता से ही हरियाणा में भाजपा की लगातार तीसरी बार बनी सरकार, राजनीतिक लड़ाई लड़ने के लिए एकजुट रहना जरूरी-36 बिरादरी ने मिलकर लड़ी आजादी की लड़ाई

Desh Rojana
On

अमर शहीद राव तुलाराम के शहीदी दिवस पर पहली बार दक्षिण हरियाणा से बाहर हांसी में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने एकजुटता का संदेश देते हुए राजनीतिक रूप से भी बड़ा संकेत दिया।

अमर शहीद राव तुलाराम के शहीदी दिवस पर पहली बार दक्षिण हरियाणा से बाहर हांसी में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने एकजुटता का संदेश देते हुए राजनीतिक रूप से भी बड़ा संकेत दिया। केंद्रीय मंत्री बुधवार को हांसी के दिल्ली रोड टी-प्वाइंट पर यादव सभा द्वारा निर्मित राव तुलाराम चौक के लोकार्पण एवं अमर शहीद राव तुलाराम की विशाल प्रतिमा का अनावरण करने के उपरांत यादव सभा द्वारा आयोजित  समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव, सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, विधायक विनोद भयाना सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
 
Rao Tula Ram
 
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि एकजुटता में ही ताकत है और राजनीतिक लड़ाई भी एकजुट होकर ही लड़ी जा सकती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनने के पीछे भी लोगों की एकजुटता महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि बांटने वाले बहुत हैं लेकिन हमें एकजुट रहने की जरूरत है। उन्होंने 36 बिरादरी का उल्लेख करते हुए कहा कि जब सभी समाज के लोग मिलकर लड़ाई लड़ते हैं तभी बड़ी लड़ाई जीती जाती है।
राव इंद्रजीत सिंह ने शहीद राव तुलाराम के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी की लड़ाई किसी एक समाज की लड़ाई नहीं थी। 36 बिरादरी के लोगों ने मिलकर अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया तभी आजादी की लड़ाई को मजबूती मिली। उन्होंने कहा कि आज भी समाज के सामने आने वाली चुनौतियों का सामना एकजुट होकर ही किया जा सकता है।
उनका यह संदेश ऐसे समय में आया है जब हांसी में पहली बार राव तुलाराम का शहीदी दिवस दक्षिण हरियाणा की पारंपरिक सीमा से बाहर मनाया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। राव इंद्रजीत सिंह ने हांसी के सफल आयोजन पर आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि अब अगला कार्यक्रम हिसार में होगा।
 
Rao Inderrjeet Singh 1
 
 छुट्टी रद्द करने वालों को भी आज याद कर लें : राव
राव इंद्रजीत सिंह ने अपने संबोधन में 23 सितंबर को राव तुलाराम के शहीदी दिवस के रूप में मनाए जाने और इस दिन की सरकारी छुट्टी से जुड़े राजनीतिक इतिहास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज के दिन उन लोगों को भी याद कर लेना चाहिए जिन्होंने स्वतंत्रता सेनानी राव तुलाराम के शहीदी दिवस की छुट्टी को रद्द किया था और उन लोगों को भी याद करना चाहिए जिन्होंने बाद में 23 सितंबर की छुट्टी को दोबारा लागू किया, छुट्टी केवल राव तुलाराम के नाम से नहीं थी बल्कि सभी शहीदों के नाम पर की गई थी। उन्होंने कहा कि यह दिन केवल किसी एक व्यक्ति या किसी एक समाज तक सीमित नहीं है। राव तुलाराम का बलिदान पूरे हरियाणा और देश की विरासत है। इसलिए उनके शहीदी दिवस को व्यापक रूप से याद किया जाना चाहिए।
 
 हांसी में पहली बार गूंजा राव तुलाराम का जयघोष 
23 सितंबर को हांसी में आयोजित यह समारोह कई मायनों में महत्वपूर्ण रहा। दिल्ली रोड टी-पॉइंट पर नवनिर्मित शहीद राव तुलाराम चौक का अनावरण किया गया और उनकी करीब 41 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया गया। प्रतिमा के लिए करीब 17 फुट का बेस और उस पर करीब 22 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है।
कार्यक्रम में राव इंद्रजीत सिंह मुख्य अतिथि रहे, जबकि स्वास्थ्य मंत्री आरती राव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। हांसी विधायक विनोद भयाना ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
 
 अहीरवाल से बाहर बढ़ी राव की राजनीतिक सक्रियता
हांसी में पहली बार शहीदी दिवस समारोह आयोजित होने को राव इंद्रजीत सिंह की अहीरवाल से बाहर राजनीतिक पहुंच के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। राव इंद्रजीत लंबे समय से 23 सितंबर को राव तुलाराम के शहीदी दिवस पर कार्यक्रम आयोजित करते रहे हैं लेकिन इस बार आयोजन हांसी में हुआ।
राव इंद्रजीत सिंह ने अपने संबोधन में जिस तरह 36 बिरादरी की एकजुटता राजनीतिक लड़ाई और समाज को बांटने वालों का जिक्र किया उससे उनके भाषण का राजनीतिक संदेश भी स्पष्ट रूप से सामने आया है । उन्होंने एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि जब समाज एक साथ खड़ा होता है तभी बड़ी लड़ाइयां जीती जाती हैं।
 
वीरगाथाएं हमारी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि अमर शहीद राव तुलाराम जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों की वीरगाथाएं हमारी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि आजादी हमें अनेक वीरों के त्याग और बलिदान से मिली है, इसलिए उनके इतिहास और योगदान को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा कर्तव्य है।
 
उन्होंने कहा कि हांसी में राव तुलाराम की प्रतिमा और चौक का निर्माण केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि देशभक्ति, शौर्य और स्वाभिमान की भावना को जागृत करने वाला प्रेरणास्थल है।
 
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने यादव सभा और आयोजन से जुड़े सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों को साथ लेकर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए, जिससे सामाजिक भाईचारा मजबूत हो और युवा अपने इतिहास से परिचित हों। उन्होंने कहा कि 1857 की क्रांति में नसीब पुर में हुए संघर्ष में लगभग 5000 देशभक्तों ने शहादत दी थी। देश की आजादी के लिए लड़ी गई इस लड़ाई में हांसी के लोगों का भी बहुत बड़ा योगदान रहा है। इस लड़ाई में अनेक देशभक्तों को रोड रोलर के नीचे को कुचल डाला गया। आज भी उसे सड़क को लाल सड़क के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि विधायक विनोद भयाना के प्रयासों से हंसी प्रदेश का 23 वा जिला बना। उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद भी जनता के आशीर्वाद से विधायक व मंत्री बनी है।
भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि अमर शहीद राव तुलाराम ने देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा सहित देश के अनेक वीरों ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान केवल प्रतिमा स्थापित करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में अपनाना जरूरी है। जाति और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर समाज को संगठित होकर आगे बढ़ना चाहिए।
 
हांसी विधायक विनोद भयाना ने कहा कि राव तुलाराम की वीरता, त्याग और देशभक्ति सभी के लिए प्रेरणा हैं। हांसी की धरती पर उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित होना गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा और चौक आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान की याद दिलाते रहेंगे। युवाओं को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और इतिहास से परिचित करवाने के लिए ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए।
 
उन्होंने आयोजन के लिए यादव सभा के पदाधिकारियों, दानदाताओं और हांसीवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों की सहभागिता ने समारोह को यादगार बना दिया।
 
हांसी के दिल्ली रोड टी-प्वाइंट पर स्थापित राव तुलाराम की विशाल प्रतिमा एवं चौक क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। प्रतिमा के साथ विशाल तिरंगा भी स्थापित किया गया है। समारोह में उपस्थित लोगों ने राव तुलाराम सहित 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
 
समारोह को पूर्व चेयरमैन राजपाल यादव, कुलदीप यादव, आनंद यादव और हांसी बार एसोसिएशन के प्रधान सुदेश यादव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक विमला चौधरी, विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, पूर्व मंत्री ओम प्रकाश यादव, पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह, साहिल भयाना, दिनेश भूटानी, दिनेश धवन, सुरजीत गुर्जर, बीडीसी अध्यक्ष शीला यादव, धर्मवीर रतेरिया, पवन रापड़िया, अशोक ढालिया, प्रदीप मालड़ा, महीपाल बड़दु सहित यादव सभा के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
 
 
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad