Chandigarh/Palwal News : एशियन गेम्स में हरियाणा की बेटियों का जलवा, तिरंगे की शान बढ़ा रहीं बेटियां : गौरव गौतम

खेल मंत्री गौरव गौतम ने भारतीय महिला कबड्डी टीम और हरियाणा की खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं, कहा—पदकों के साथ लौटेंगी हरियाणा की बेटियां

Desh Rojana
On

जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स-2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बीच हरियाणा की बेटियां भी देश का मान बढ़ा रही हैं।

चंडीगढ़/पलवल। जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स-2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बीच हरियाणा की बेटियां भी देश का मान बढ़ा रही हैं। हरियाणा के खेल एवं युवा अधिकारिता मंत्री गौरव गौतम ने एशियन गेम्स में भारतीय महिला खिलाड़ियों और विशेष रूप से हरियाणा की बेटियों के शानदार प्रदर्शन पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और जज्बे से एक बार फिर साबित किया है कि प्रदेश खेल प्रतिभाओं की धरती है। eeखेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि भारतीय महिला कबड्डी टीम में हरियाणा की छह बेटियों की मौजूदगी प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि बेटियां आज केवल खेल के मैदान में ही नहीं, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व कर रही हैं। उनकी मेहनत और उपलब्धियां लाखों बेटियों के लिए प्रेरणा बन रही हैं। गौरव गौतम ने कहा कि जब भी हरियाणा का कोई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मैदान में उतरता है, तो पूरे प्रदेश की निगाहें उस पर टिकी रहती हैं। खिलाड़ियों के पीछे उनके परिवार, प्रशिक्षकों और प्रदेश की जनता की मेहनत और उम्मीदें जुड़ी होती हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों में पदक जीतने की क्षमता और जुनून है तथा उन्हें पूरा विश्वास है कि एशियन गेम्स से प्रदेश के खिलाड़ी पदकों की सौगात लेकर लौटेंगे। खेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा की बेटियों ने देश और प्रदेश को गौरवान्वित करने का सिलसिला लगातार जारी रखा है। कबड्डी जैसे खेल में भारतीय महिला टीम का शानदार प्रदर्शन टीमवर्क, अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति का उदाहरण है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, उनके कोच और परिवारों को भी शुभकामनाएं दीं। गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। ‘मिशन ओलंपिक-2036’ के माध्यम से प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर से ही तराशने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा खेलों और खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहन दिया जा रहा है। खेलो इंडिया सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से देश में खेलों का वातावरण मजबूत हुआ है और इसका सकारात्मक प्रभाव अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन में दिखाई दे रहा है। खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के हरियाणा लौटने पर उनका जोरदार स्वागत और सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पदक जीतने वाले खिलाड़ी प्रदेश के युवाओं के रोल मॉडल हैं और उनकी उपलब्धियों को पूरे सम्मान के साथ जनता के सामने रखा जाएगा। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों को केवल प्रतियोगिता नहीं बल्कि अपने भविष्य और व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम मानें। गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा की मिट्टी में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और सरकार का प्रयास है कि हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिले। एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम की तैयारियों और मुकाबलों को लेकर देशभर में उत्साह है। 26 सितंबर को महिला कबड्डी का स्वर्ण पदक मुकाबला निर्धारित था; इससे पहले भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में नेपाल को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।‌‌ गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा की बेटियां जिस आत्मविश्वास के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहरा रही हैं, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए नई प्रेरणा है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य और शानदार सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad