फरीदाबाद में 1 सरपंच और 5 पंच पदों के लिए होंगे उपचुनाव
फरीदाबाद में पंचायत चुनाव शेड्यूल जारी, 21 अप्रैल से शुरू होगा नामांकन, 27 को जांच, 28 को नाम वापसी
राज्य निर्वाचन आयोग, हरियाणा द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार जिला फरीदाबाद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में रिक्त पदों को भरने के लिए उपचुनाव आयोजित किए जाएंगे।
फरीदाबाद: राज्य निर्वाचन आयोग, हरियाणा द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार जिला फरीदाबाद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में रिक्त पदों को भरने के लिए उपचुनाव आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि ब्लॉक फरीदाबाद के ग्राम भस्कोला के वार्ड नंबर 3 (पंच), ब्लॉक तिगांव के ग्राम शाहुपुरा खादर (सरपंच) तथा ग्राम फत्तूपुरा के वार्ड नंबर 2 (पंच – अनुसूचित जाति महिला), वहीं ब्लॉक बल्लभगढ़ के ग्राम फतेहपुर बिल्लौच के वार्ड नंबर 19 (पंच – महिला), ग्राम डीग के वार्ड नंबर 1 (पंच) तथा ग्राम जकोपुर के वार्ड नंबर 2 (पंच – पिछड़ा वर्ग ‘ए’ महिला) के लिए चुनाव कराए जाएंगे।

फरीदाबाद में पंचायत चुनाव शेड्यूल जारी, 21 अप्रैल से शुरू होगा नामांकन, 27 को जांच, 28 को नाम वापसी
जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि इन चुनाव के तहत चुनाव कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। उम्मीदवार 21 अप्रैल 2026 (मंगलवार) से 25 अप्रैल 2026 (शनिवार) के बीच सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 27 अप्रैल 2026 को की जाएगी और उम्मीदवार 28 अप्रैल, 2026 को दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकते हैं, जिसके तुरंत बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे। 28 अप्रैल को ही प्रतियोगी उम्मीदवारों और पोलिंग स्टेशन की लिस्ट चस्पा कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मतदान 10 मई, 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित किया जाएगा। मतगणना के तुरंत बाद चुनाव का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। यदि आवश्यकता हुई तो 12 मई को पुनर्मतदान करवाया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि बल्लभगढ़ ब्लॉक की तीन ग्राम पंचायतों—फतेहपुर बिल्लौच, डीग एवं जाकोपुर—के लिए नामांकन प्रक्रिया निर्धारित स्थलों पर सम्पन्न कराई जाएगी। फतेहपुर बिल्लौच के उम्मीदवार राजकीय प्राथमिक मॉडल संस्कृति स्कूल में रिटर्निंग अधिकारी प्रदीप कुमार की देखरेख में, डीग के उम्मीदवार राजकीय माध्यमिक विद्यालय में रिटर्निंग अधिकारी कर्मवीर की देखरेख में तथा जाकोपुर के उम्मीदवार राजकीय प्राथमिक विद्यालय में रिटर्निंग अधिकारी अमित कुमार की देखरेख में अपने नामांकन पत्र जमा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत भास्कोला (फरीदाबाद) के 3 वार्डों के लिए नामांकन पत्र भरने के इच्छुक उम्मीदवार राजकीय उच्च विद्यालय (GHS), भास्कोला में प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक रिटर्निंग अधिकारी दिलबाग सिंह एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी राकेश सहरावत की देखरेख में अपने नामांकन जमा कर सकते हैं। इसी प्रकार ब्लॉक तिगांव की ग्राम पंचायत फत्तूपुरा के 2 वार्डों के लिए नामांकन प्रक्रिया राजकीय प्राथमिक विद्यालय, फत्तूपुरा में रिटर्निंग अधिकारी सत्य देव एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी आशीष कुमार की देखरेख में सम्पन्न होगी। वहीं ग्राम पंचायत शाहपुरा खादर (तिगांव) के लिए नामांकन पत्र राजकीय प्राथमिक विद्यालय, शाहपुरा खादर में रिटर्निंग अधिकारी नवीन कुमार एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी हरश्याम सिंह की देखरेख में जमा किए जा सकेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा उपचुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर ली गयी हैं। संबंधित क्षेत्रों के मतदाताओं से अपील की गई है कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।




