बीके अस्पताल में देर रात CMO का औचक निरीक्षण, गंदे बेड और बंद सुविधाओं पर भड़के डॉ. जयंत आहूजा
फरीदाबाद के बीके अस्पताल में रविवार देर रात CMO डॉ. जयंत आहूजा के औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य तंत्र की गंभीर लापरवाही सामने आई। ICU, वार्ड और इमरजेंसी में गंदे बेड, बंद सुविधाएं और स्टाफ की गैरमौजूदगी पाई गई। CMO ने कड़ी नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
फरीदाबाद के सरकारी स्वास्थ्य तंत्र की लापरवाही उस वक्त सामने आई , जब डॉ. जयंत आहूजा ने रविवार देर रात करीब 11 बजे बीके अस्पताल का बिना सूचना के निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जो हालात सामने आए, उन्हें देखकर CMO हैरान रह गए।
उन्होंने देखा की अस्पताल के आईसीयू, जनरल वार्ड, बच्चों के आईसीयू, और इमरजेंसी समेत कई विभागों में गंभीर खामियां पाई गईं। कई मरीज बिना बेडशीट के गंदे बेड पर लेटे मिले। हालात इतने खराब थे कि सीएमओ खुद एक महिला मरीज के बेड पर बेडशीट बिछाते नजर आए।
उन्होंने साफ कहा कि मरीजों की गरिमा से खिलवाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि मरीजों के लिए लगाए गए वाटर कूलर और रो की बिजली सप्लाई जानबूझकर बंद की गई है। सीएमओ ने इसे गंभीर लापरवाही बताया और कहा कि जिन सुविधाओं को मरीजों के हित में शुरू किया गया था , उन्हें जानबूझकर बंद किया जा रहा है। सुपरवाइजर की गैरमौजूदगी पर भी उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।और उन्होंने स्टाफ को चेतावनी देते हुए कहा कि बिना जिम्मेदारी के काम नहीं चलेगा और मरीजों को जल्दबाजी में रेफर करने की आदत पर रोक लगानी होगी। लेबर वार्ड और एचडीयू में स्टाफ की अनुपस्थिति को लेकर भी उन्होंने सख्त रुख अपनाया और तत्काल सभी कर्मचारियों को बुलाकर ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा ने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में व्यवस्था सुधारना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

About The Author
संबंधित समाचार



