गुर्जर महापंचायत में बड़ा फैसला: शादियों में दहेज-दिखावे और फिजूलखर्ची पर रोक की मुहिम तेज

DJ पर पूर्ण पाबंदी का ऐलान

Desh Rojana
On

सोहना विधानसभा के अंतर्गत आने वाले गुरुग्राम के सेक्टर-61 स्थित गुर्जर भवन में श्यामी सरपंच अभयपुर की अध्यक्षता में गुर्जर समाज की एक महापंचायत का आयोजन किया गया।

सोहना। रविवार को सोहना विधानसभा के अंतर्गत आने वाले गुरुग्राम के सेक्टर-61 स्थित गुर्जर भवन में श्यामी सरपंच अभयपुर की अध्यक्षता में गुर्जर समाज की एक महापंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें गुरुग्राम और आसपास के इलाकों के मौजिजान और आमजन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

IMG-20260329-WA0018
महापंचायत के दौरान अपने विचार और सुझाव रखते हुए मौजिजान व महापंचायत में मौजूद लोग।

महापंचायत के दौरान उपस्थित पंच-पटेलों और सरदारों ने गुर्जर समाज में शादी-विवाह में बढ़ रही दहेज, दिखावे और फिजूलखर्ची सहित कई कुरीतियों पर विचार-विमर्श किया। सभी ने एक सुर में समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उनका कहना था कि जब समाज का आमजन शिक्षित होगा, तो वह स्वतः ही जागरूक होगा और इन चीजों को बढ़ावा नहीं देगा।

पंचायत के दौरान गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में DJ पर पूर्ण पाबंदी का फैसला सर्वसम्मति से लिया गया। इसके अलावा शादी-विवाह समारोहों में अलग बार लगाकर परोसी जाने वाली शराब पर रोक, भात नौतने और भात देने जाने वालों की संख्या सीमित करने, बूरा खाने (मंढा झांकने) और गोद भराई में जाने वालों की संख्या तय करने के साथ ही शगुन के लेन-देन को भी सीमित करने पर जोर दिया गया।

इस दौरान मौजिजानों ने अपने-अपने विचार और सुझाव रखे। उनका कहना था कि कुछ कुरीतियां लंबे समय से समाज में निहित हैं, जबकि कुछ नई कुरीतियों ने जन्म लिया है। इन सभी कुरीतियों को एकदम से खत्म करना संभव नहीं है, लेकिन धीरे-धीरे सभी के सहयोग और आपसी संवाद से इन पर काम किया जा सकता है।

पंचायत के दौरान 51 सदस्यीय एक कमेटी का गठन किया गया, जिसमें सभी गांवों से सदस्यों को शामिल किया गया। यह कमेटी अब गांव-गांव जाकर संवाद स्थापित करेगी और हर गांव में पंचायत का आयोजन कर इन विषयों पर लोगों को जागरूक करेगी तथा उन्हें इस मुहिम से जोड़ेगी।

महापंचायत के दौरान इन कुरीतियों, दिखावे और फिजूलखर्ची के प्रति लोगों में रोष और इन्हें खत्म करने का भरपूर जोश देखने को मिला। मौजिजानों का उत्साह देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि अब यह मुहिम एक आंदोलन का रूप लेगी और गुर्जर समाज जल्द ही जागरूक होकर इन कुरीतियों को खत्म कर फिजूलखर्ची और दिखावे की अंधी दौड़ से बचेगा ।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad