Gurugram News: हर विधानसभा में जलेंगे 30 हजार आशीर्वाद के दीये, 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान

कैटरैक्ट फ्री हरियाणा का संकल्प, रक्तदान-स्वास्थ्य जांच शिविरों से लेकर पौधारोपण और सैनिक सम्मान तक होंगे कार्यक्रम

Desh Rojana
On

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा हरियाणा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। 

गुरुग्राम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा हरियाणा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने शनिवार को भाजपा कार्यालय गुरुकमल में पत्रकार वार्ता में अभियान की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में होगी और प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में 30 हजार ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए जाएंगे।

WhatsApp Image 2026-09-13 at 10.37.06 AM (1)

डॉ. गुप्ता ने कहा कि अभियान को केवल भाजपा कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं रखा जाएगा। सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक संस्थानों, एनजीओ और आम नागरिकों की भागीदारी के साथ इसे जनअभियान बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न संगठनों और प्रतिष्ठित नागरिकों ने भी अभियान से जुड़ने में रुचि दिखाई है।

कुरुक्षेत्र में एक लाख दीये, पानीपत में 50 हजार:

अभियान के तहत प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर भी कार्यक्रम होंगे। कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर में एक लाख और पानीपत के देवी मंदिर में 50 हजार दीये जलाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। गुरुग्राम के शीतला माता मंदिर, पंचकूला के माता मनसा देवी मंदिर और जींद के रानी तालाब सहित अन्य स्थानों पर भी आयोजन होंगे। 17 सितंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में रक्तदान अभियान की शुरुआत होगी। इसके बाद प्रतिदिन एक जिले में बड़े रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर रहेगा।

‘कैटरैक्ट फ्री हरियाणा’ का लक्ष्य:

अभियान के दौरान प्रदेशभर में स्वास्थ्य जांच और मोतियाबिंद उपचार शिविर लगाए जाएंगे। सरकार, सामाजिक संगठनों, एनजीओ और भाजपा कार्यकर्ताओं के सहयोग से ‘कैटरैक्ट फ्री हरियाणा’ के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही गई है। इसके साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया जाएगा। गुरुग्राम के मानेसर में वन विभाग के सहयोग से नमो वाटिका के तहत करीब 10 हजार पौधे लगाए जाने की जानकारी दी गई।

स्कूलों में होंगी प्रतियोगिताएं, युवाओं को करियर काउंसलिंग:

अभियान के तहत स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर ड्रॉइंग और भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। गांव स्तर से शुरू होने वाली प्रतियोगिताएं ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर तक जाएंगी तथा विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग सत्र भी आयोजित होंगे। प्रदेश की करीब 19,365 आंगनवाड़ियों में विशेष कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इनमें बच्चों के लिए प्रतियोगिताओं के साथ उनकी माताओं को पोषण संबंधी जानकारी दी जाएगी। आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के योगदान को भी सम्मानित किया जाएगा।

अंगदान और नशामुक्ति पर भी जागरूकता:

अभियान के दौरान अंगदान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे। लोगों को किडनी, लीवर, कॉर्निया और ऊतक दान के महत्व की जानकारी देकर अंगदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। नशामुक्ति अभियान के तहत अभिभावकों को बच्चों के व्यवहार में होने वाले बदलावों को समय रहते पहचानने और उन्हें सही दिशा देने के लिए जागरूक किया जाएगा।

वीरों की गाथा से युवाओं को जोड़ने की तैयारी:

डॉ. गुप्ता ने कहा कि सैनिकों के सम्मान और देश के वीरों की गाथाओं से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। बच्चों को वीरों की कहानियों से जोड़कर उनमें राष्ट्र और भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रदेश के विभिन्न जिलों में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। इसके माध्यम से सेवा, सुशासन और विकास का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा। हरियाणा और कर्नाटक के बीच विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के अनुभव साझा करने के लिए भी कार्यक्रम आयोजित होंगे। दोनों राज्यों के प्रतिनिधिमंडल एक-दूसरे के यहां जाकर विकास कार्यों का अवलोकन करेंगे।

अभियान में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स समेत विभिन्न वर्गों की भागीदारी भी सुनिश्चित करने की बात कही गई है। इस अवसर पर स्वामी धर्मदेव और पूर्व कुलपति डॉ. अशोक दिवाकर ने भी लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता, वेद फुल्ला और जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad