Gurugram News: सड़क हादसे के बाद विवाद में युवक से मारपीट, जान से मारने की धमकी; 4 गिरफ्तार
नौरंगपुर रोड पर सड़क हादसे को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ मारपीट कर उसे जान से मारने की धमकी देने के मामले में सेक्टर-14 थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गुरुग्राम: नौरंगपुर रोड पर सड़क हादसे को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ मारपीट कर उसे जान से मारने की धमकी देने के मामले में सेक्टर-14 थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक बाइक भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को पीड़ित ने सेक्टर-14 थाने में शिकायत दी थी। उसने बताया कि 16 अगस्त को उसके चाचा की स्कॉर्पियो गाड़ी की नौरंगपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास अज्ञात ट्रक से टक्कर हो गई थी। इसके बाद वह अपने दोस्त के साथ क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को सेक्टर-12 स्थित डेंटिंग वर्कशॉप लेकर पहुंचा। आरोप है कि वहां 5-6 लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। हमले में युवक को गंभीर चोटें आई थीं।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने 28 अगस्त को गुरुग्राम से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान बरगुर्जर निवासी प्रवीण (23), करण (24), अजय (23) और नूंह जिले के गांव सराय निवासी विनोद (26) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया विवाद का कारण
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि हादसे के बाद शिकायतकर्ता और उसके साथियों ने ट्रक चालक और आरोपी प्रवीण के पिता के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की थी। इसी बात को लेकर प्रवीण और उसके साथियों ने युवक के साथ मारपीट की।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ निजी कंपनियों में सुरक्षा गार्ड और ड्राइवर के तौर पर काम करते हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



